भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की पंजाबी विषय की परीक्षा में नरवाना और यमुनानगर में दो परीक्षा केंद्रों पर नकल के दो केस दर्ज किए गए। मंगलवार को हुई 12वीं के पंजाबी विषय की परीक्षा में प्रदेश भर के 366 परीक्षा केंद्रों पर 16381 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव व बोर्ड सचिव कृष्ण कुमार के उड़नदस्तों ने हिसार व टोहाना के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। बोर्ड के संयुक्त सचिव डॉ. पवन कुमार के उड़नदस्ते ने कैथल और जींद के परीक्षा केंद्र जांचे। नरवाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में नकल का एक और यमुनानगर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र में नकल का एक केस दर्ज किया। बारहवीं के अलावा डीएलएड री अपीयर और मर्सी चांस के 768 अध्यापक छात्रों ने भी परीक्षा दी।