भिवानी। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े एक ट्रैक्टर के कारण खरकड़ी फाटक पर शनिवार शाम चार बजे जाम लग गया। वाहन आते गए और जाम की लंबाई बढ़ती चली गई। कुछ ही देर में जाम तीन किलोमीटर लंबा हो गया। जैसे ही जाम की सूचना मिली, पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जाम में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। मगर ज्यादातर भारी वाहन होने के कारण दो घंटे से पहले जाम नहीं खुल सका।
तोशाम बाईपास पर पुल का निर्माण किया जा रहा है जिसकी वजह से उस रास्ते पर वाहनों का आवागमन बंद है। इसी कारण भिवानी से तोशाम की तरफ जाने वाले वाहन खरकड़ी फाटक से आना-जाना करते हैं। शनिवार शाम लगभग चार बजे एक दुकान के बाहर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर खड़ी कर दी। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण वहां जाम की स्थिति बनती चली गई। जाम में तूड़े से भरे कई ट्रैक्टर-टॉली और बड़े ट्रक फंस गए।
ट्रैक पर भी फंस गया था ट्रक
जाम के दौरान एक ट्रक रेलवे ट्रैक पर ही फंस गया। वह हिल नहीं पा रहा था। लोगों को डर सता रहा था कि अगर ट्रेन आ जाती है तो बड़ा हादसा हो जाएगा। किसी तरह से लोगों ने थोड़ी-थोड़ी कर जगह बनाई और ट्रक को रेलवे ट्रैक से हटाया। उसके बाद धीरे-धीरे वाहन निकलने शुरू हुए।
ट्रैक्टर निकला तो खुला जाम
खरकड़ी फाटक पार कर खड़े ट्रैक्टर से सामान उतारने में लगभग एक घंटा लग गया। उसके बाद ट्रैक्टर को वहां से हटाया गया। ट्रैक्टर हटने के बाद जाम में फंसे वाहनों को निकलने के लिए जगह बन गई। दूसरी और वहां पहुंची टीम ने बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों को सही करवाया। लगभग दो घंटे बाद मार्ग पर वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका।
टीम को मौके पर भेज दिया गया था
जाम की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। पुलिस टीम ने वाहनों को जाम से निकालकर ट्रैफिक व्यवस्था को फिर से बहाल कराया। इसके लिए पुलिस टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विक्रांत सिंह, यातायात प्रभारी, भिवानी
ट्रैक्टर सवार को रोकते हुए पुलिसकर्मी। संवाद- फोटो : Bhiwani