नए विश्राम गृह का शिलान्यास करतीं मंत्री श्रुति चौधरी।
भिवानी। लोहानी जलाशय जल्द ही क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। सिंचाई जल संसाधन एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने वीरवार को गांव लोहानी में सिंचाई विभाग के करीब 4.77 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए विश्राम गृह की आधारशिला रखते हुए घोषणा की कि जलाशय का लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से वाटर पार्क की तर्ज पर सुंदरीकरण किया जाएगा। इससे गांव लोहानी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी।
श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को सिंचाई सुविधा और आमजन को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। दक्षिण हरियाणा की नहरों के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री किरण चौधरी भी मौजूद रहीं।
उन्होंने बताया कि भिवानी जिले में सिंचाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए अब तक 290 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं। वहीं 75 करोड़ रुपये के 29 कार्य प्रगति पर हैं। इसके अलावा बाढ़ नियंत्रण क्षेत्र में 50 करोड़ रुपये के कार्य करवाए गए हैं और 50 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी गई है। नाबार्ड से 200 करोड़ और विश्व बैंक से 135 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की नहरों के जीर्णोद्धार का कार्य जारी है ताकि हथिनीकुंड बैराज से दक्षिण हरियाणा के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंच सके। क्षेत्र में ई-लाइब्रेरी, फिरनी और गलियों के निर्माण सहित अन्य विकास कार्य भी करवाए जा रहे हैं।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा विश्राम गृह
मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि लोहानी में बनने वाला दो मंजिला विश्राम गृह जून 2027 तक तैयार होगा। इसमें प्रतीक्षालय, कॉन्फ्रेंस हॉल, डाइनिंग हॉल, रसोईघर, स्टोर, लिविंग रूम और आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे बनाए जाएंगे। पूर्व मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह की विकास की सोच को आगे बढ़ाते हुए क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों और आमजन के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है।