बवानीखेड़ा (भिवानी)। क्षेत्र के गांव सूई में सोमवार देर रात को ढाबा संचालक पर पर कुछ लोगों ने फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने ढाबे के अंदर भी तोड़फोड़ की। आरोप है कि पहले की गई वारदात के मामले में आरोपी समझौता करने के लिए ढाबा संचालक पर दबाव बना रहे हैं।
बवानीखेड़ा पुलिस ने वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर छानबीन की और व पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
गांव सूई निवासी विनय कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जनवरी को उसके ढाबे पर आकर सुमित राठी, कृष्ण उर्फ माखा, कुलदीप गादड़ी व अन्य लोगों ने मारपीट कर पैसे छीन लिए थे। आरोपियों ने उसके दो भाइयों अमरजीत और सचिन, अक्षय के साथ भी मारपीट की थी। आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर पैसे व सोने की चेन छीन ली थी। बवानीखेड़ा पुलिस ने 23 जनवरी को केस दर्ज किया था। विनय का आरोप है कि उसी मुकदमे में समझौते का दबाव बनाने के लिए कई दिनों से आरोपी कृष्ण, सोमबीर छिल्लर, गादड़ी, गोलू उर्फ अमित, सुमित राठी व अन्य उनके परिवार पर दबाव बना रहे थे। उनके परिवार ने समझौता करने से मना कर दिया था। इसी रंजिश के चलते आरोपी सोमवार रात करीब सवा आठ बजे ढाबे पर पहुंचे। आरोपी सुमित राठी, कृष्ण उर्फ माखा, कुलदीप उर्फ गादड़ी, सोमबीर उर्फ छिल्लर, गोलू व एक अन्य युवक ने ढाबे में तोड़फोड़ की। उसने आरोप लगाया कि आरोपी अमित उर्फ गोलू, कृष्ण उर्फ माखा और सुमित उर्फ राठी के हाथों में भी पिस्तौल थीं, जबकि कुलदीप उर्फ गादड़ी व सोमबीर उर्फ छिल्लर व अन्य युवक डंडे लेकर पहुंचे थे। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उस पर जान से मारने के इरादे से फायरिंग कर दी। उसने ढाबे के अंदर घुसकर लोहे के गेट को बंद कर अपनी जान बचाई। आरोपियों ने ढाबे के अंदर खड़ी बाइकों में तोड़फोड़ कर दी। शोर सुनकर उसका बड़ा भाई अमरजीत व सचिन वहां पहुंचे और कारीगरों व ग्राहकों के वहां जुट जाने के बाद आरोपी वहां से धमकी देकर भाग गए। इसकी सूचना पुलिस को डायल 112 पर दी गई। विनय का आरोप है कि आरोपी अमित अपने पांच अन्य साथियों के साथ मुकदमे में समझौता न करने पर रंजिश के चलते उसकी जान लेने की नीयत से यहां पहुंचा था। जिसने उस पर फायरिंग कर दी।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
ढाबे पर हुई फायरिंग की वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। इसमें आरोपी फयरिंग करते व तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। ढाबे में दी गई वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली है।
फ्रैक्चर व लंगड़ा के नाम बने हैं गैंग
गांव सूई में फ्रैक्चर व लंगड़ा उर्फ खागड़ गैंग के नाम से कुछ शरारती युवाओं का गिरोह बना हुआ है। ये गिरोह कई लोगों को पीटकर धमकी दे चुके हैं। वहीं इन गिरोह के गुर्गों पर पहले भी पुलिस में कई केस दर्ज हो चुके हैं। वहीं, बवानीखेड़ा क्षेत्र के ही गांव बलियाली में दूसरा गैंग देवा गैंग के नाम से जाना जाता है। इन दोनों गैंगों के गुर्गों के बीच भी कई बार गैंगवार हो चुकी है।
जांच की जा रही है
सूई घटना में पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही। पुलिस अधीक्षक ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया है। अभी तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पटाक्षेप किया जाएगा।
- वीरेंद्र सिंह, पुलिस उपाधीक्षक, भिवानी।
जल्द पकड़े जाएंगे आरोपी
पुलिस को ढाबे पर फायरिंग की सूचना मिली थी। थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर वारदात स्थल का जायजा लिया था। पुलिस ने ढाबा संचालक की शिकायत पर पांच नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के प्रयासों में जुटी है, जल्द ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।
-संदीप शर्मा, एसएचओ, पुलिस थाना बवानीखेड़ा।