भिवानी। जिले में एक तरफ जहां कोरोना संक्रमण से राहत मिली है, वही दूसरी ओर डेंगू का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को डेंगू के तीन नए मरीज मिले हैं, इसके बाद जिले में डेंगू पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 53 पहुंच गया है। इनमें से 19 मरीजों को सरकारी और निजी अस्पतालों में दाखिल करवाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एंटी लारवा अभियान के लिए 141 टीमों का गठन किया हुआ है। इन टीमों ने रविवार को 19 डेंगू आशंकित मरीजों के सैंपल लैब में भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट सोमवार दोपहर तक आएगी। वहीं अभियान के दौरान मलेरिया की जांच के लिए शहरी क्षेत्र में 48 और ग्रामीण क्षेत्र में 104 की ब्लड स्लाइड बनाई। इनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव रही। जिले में अब तक मलेरिया की जांच के लिए 7519 ब्लड स्लाइड बनाई जा चुकी हैं। गनीमत रही की अब तक कोई मलेरिया का केस नहीं मिला है। एंटी लारवा अभियान के दौरान डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर 3032 को नोटिस जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को ड्राई-डे के रूप में मनाया।
वर्जन
जिले में लगातार डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे में नागरिकों से अपील है कि वे हर रविवार को ड्राई-डे के रूप में मनाएं और अपने घर व आसपास के क्षेत्र में सफाई का विशेष ध्यान रखें। डेंगू के लक्षण होने पर स्वास्थ्य की जांच जरूर करवाएं।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।