बहल थाना एसएचओं हरिओम मामलें को शांत करवाते हुए।
- फोटो : Bhiwani
बहल। कस्बे में एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा अन्य लोगों को बहला फुसला कर धर्म परिवर्तन करवाए जाने की सूचना मिलने पर लोगों में रोष फैल गया। बड़ी संख्या में लोग इसके विरोध में आए तो पुलिस ने मौके पर जाकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस थाने में बुलाकर समझा बुझाकर टकराव होने से बचा लिया।
शनिवार को लोगों को सूचना मिली की कस्बे में एक मकान में किराए पर रहने वाले परिवार के पास पिछले कुछ दिनों से कुछ बाहरी लोग आ जा रहे हैं। इन लोगों की गतिविधियां संदिग्ध है और ये एक धर्म विशेष का प्रचार कर कमजोर लोगों को बहला फुसला रहे हैं। ये अपना धर्म को छोड़कर दूसरे धर्म में जाने के लिए प्रलोभन दे रहे हैं। इस सूचना पर बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, बहल युवा एकता संगठन के अलावा कस्बे के अन्य सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग किराएदार व्यक्ति के मकान के पास एकत्रित हो गए और इसका विरोध जताया। सूचना मिलने पर बहल पुलिस भी मौके पर पहुंची और लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के लोगों को पुलिस थाना में लाकर दोनों की बात सुनी। पुलिस ने बाहर से आए व्यक्तियों को समझाया कि वे ऐसे गुपचुप में किसी के घर नहीं जाए। अपने धर्म का प्रचार प्रसार करना है, तो वे सार्वजनिक तौर पर करें उनको कोई मनाही नहीं है। इस पर दोनों पक्ष शांत हो गए। इस मौके पर बहल युवा एकता संगठन के प्रधान योगेश शर्मा, सुनील कुमार, रवि जावला, बंटू, बंटी, कुलदीप, अरविंद, विकास, पंकज, शिवम, सुशील चेयरमैन, मुन्ना, कालू सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
लोगों में गुपचुप धर्म प्रचार को लेकर रोष था। उनको समझा दिया है। अब ऐसा कोई मामला नहीं है।
हरिओम, थाना प्रभारी, बहल