भिवानी शहर की देवसर चुंगी पर जाम में फंसे वाहन।
भिवानी। लोहारू रोड पर पुराना रेलवे ओवरब्रिज तोड़े जाने के बाद देवसर चुंगी से अनाज मंडी गेट पर रोजाना वाहनों का जाम लग रहा है। पाबंदी के बावजूद भी शहर के अंदर से ही भारी वाहनों की आवाजाही भी हो रही है। इससे भी भीषण गर्मी के अंदर वाहन चालक जाम में फंस रहे हैं।
दरअसल, देवसर चुंगी रेलवे फाटक पर छोटे वाहनों की आवाजाही की अनुमति है जबकि भारी वाहनों व बड़े वाहनों को तोशाम बाईपास से शहर के बाहर से ही गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। वहीं रोडवेज की बसें भी अंदर से ही होकर जा रही हैं, जिस वजह से भी दिनभर देवसर चुंगी से अनाज मंडी गेट तक जाम की स्थिति बन रही है। कई बार तो ये जाम देवीलाल चौक तक भी पहुंच जाता है।
ट्रेनों के आवागमन की वजह से दिन में फाटक भी पांच से छह बाद बंद रहता है। फाटक बंद रहने के दौरान भी वाहनों की लंबी कतार लग रही हैं। हालांकि लोहारू पुल तोड़ने के बाद यहां जाम की स्थिति अधिक बनी है। जिला यातायात पुलिस की तरफ से भी यहां पर ट्रैफिक कर्मचारियों को तैनात किया है, बावजूद इसके यहां जाम सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। जिला यातायात पुलिस थाना प्रबंधक सुरेश कुमार ने बताया कि देवसर चुंगी पर ट्रैफिक कर्मचारियों को तैनात किया है। पुराना पुल तोड़ने की वजह से यहां पर छोटे वाहनों का भी अधिक दबाव बना है।