भिवानी। घंटाघर स्थित एसबीआई की मेन ब्रांच के बाहर पासबुक एंट्री कराने के लिए लाइन में खड़े एक व्यक्ति के बैग से 90 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। मामले की शिकायत सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में नकदी चोरी का केस दर्ज किया है।
सिटी पुलिस को दी शिकायत में सेवा नगर कॉलोनी निवासी ओमपाल सिंह ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह एसबीआई से 90 हजार रुपये निकालने के बाद बाहर लगी मशीन में पासबुक में एंट्री कराने के लिए लाइन में लगा था। उसने पैसे बैग में रखे थे। जब एंट्री कराने के बाद बैग में पासबुक रखने लगा तो बैग से पैसे गायब मिले। उसने इसकी सूचना बैंक शाखा मैनेजर को दी। इसके बाद मामले की लिखित शिकायत सिटी पुलिस को दी। जहां पर पैसे बैग से निकले वहां पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए थे। पुलिस ने इस मामले में नकदी चोरी का केस दर्ज किया है। वहीं पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।