शहर में मंदिर पर जेसीबी से कार्रवाई करवाती टीम।
भिवानी। रेलवे स्टेशन के सामने सेवा नगर दूरदर्शन रिले केंद्र की सड़क का नवीनीकरण कार्य के चलते वीरवार को अतिक्रमण हटाने के लिए नगर परिषद का दस्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचा। इस दौरान अवैध निर्माण पर जेसीबी चलाई तो स्थानीय लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा।
क्षेत्र के लोगों ने सड़क किनारे बने दो मंदिर तोड़े जाने और कई झुग्गियों को तहस नहस किए जाने का आरोप लगाया, जबकि उन्हें अतिक्रमण हटाने से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया था। नगर परिषद दस्ता को काफी विरोध झेलना पड़ा। वहीं स्थानीय लोगों की अतिक्रमण हटाने पहुंचे नप कर्मचारियों के साथ तीखी नोकझोंक भी हुई।
नगर परिषद सेवा नगर की तरफ जाने वाले मुख्य रास्ते को करीब 300 मीटर लंबाई तक नवीनीकरण करा रहा है। यहां पहले से अधिक चौड़ी सड़क और दोनों तरफ फुटपाथ तैयार करने का वर्क ऑर्डर अलॉट किया है। करीब 60 लाख के बजट से 300 मीटर दायरे में करीब 20 फीट चौड़ी सड़क तैयार कराई जा रही है।
इस कार्य के चलते सेवा नगर की तरफ जाने वाले मार्ग पर ईएसआई की डिस्पेंसरी के समीप काफी अतिक्रमण हो चुका था। जिसकी वजह से सड़क को चौड़ा नहीं किया जा सका था। वीरवार दोपहर बाद नगर परिषद का दस्ता पुलिस बल के साथ पहुंचा। जेसीबी ने सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को गिराना शुरू कर दिया।