भिवानी। कम्युनिस्ट मार्क्सवादी जिला कमेटी भिवानी व युवा कल्याण संगठन ने शहर के विभिन्न हिस्सों में पिछले एक महीने से चल रहे गंभीर जल संकट के लिए जिम्मेदार अधिकारियों व राज्य सरकार के विरोध में बाजार में प्रदर्शन किया। वहीं विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता पार्टी जिला सचिव मण्डल सदस्य सज्जन कुमार सिंगला ने की।
माकपा जिला सचिव ओमप्रकाश व युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने कहा कि उनकी पार्टी ने 31 मई को प्रदर्शन करके जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन देकर शहर में पेयजल की आपूर्ति बहाल करने का अनुरोध किया था और अगले दिन जिला प्रशासन ने पानी के लिए टैंकर मंगाने के लिए दो हेल्प लाइ नंबर जारी किए थे। परंतु दुर्भाग्यवश शहर की संकटग्रस्त जनता के फोन भी अधिकारियों द्वारा नहीं उठाए जा रहे हैं। कई लोग जल संकट के चलते विभाग में टैंकर मांगने गए तो संबंधित अधिकारियों ने उनसे सीधे मुंह बात करना भी सही नहीं समझा।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता खरीदकर पानी पीने को मजबूर है। संबंधित जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों व राज्य सरकार ने इस संकट की घड़ी में लोगों की भारी उपेक्षा की है, जनता इन्हें माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शहर के अधिकतर हिस्सों में पिछले एक महीने से पानी नहीं जा रहा है, कई जगह लोग बदबूदार व गंदा पानी पीने पर मजबूर हैं। कई मोहल्लों व विभिन्न सेक्टरों में सीवरेज ओवरफ्लो हो रहे हैं, परंतु संबंधित विभाग कोई परवाह नहीं कर रहा है।
माकपा कार्यकर्ताओं ने नेहरु पार्क से विरोध प्रदर्शन शुरू करके घंटाघर, सराय चौपटा, बिचला बाजार, कपड़ा मार्केट होते हुए जवाहर चौक पर समाप्त किया और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आगाह किया कि वे लोगों की पानी, बिजली व सीवरेज की जायज समस्याएं सुने अन्यथा जनता के गुस्से का सामना करना होगा। प्रदर्शन में रामफल देशवाल, राममेहर, अनिल कुमार, किसान मजदूर नेता नरेंद्र धनाना, महाबीर फौजी, सुखदेव पालवास, रतन कुमार जिंदल, फूल चन्द, भीम सिंह, बलजीत मौखरा, महेंद्र प्रजापति शामिल हुए।