भिवानी। हांसी रोड स्थित राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में वीरवार दोपहर को अचानक ही एक छात्रा बेसुध होकर गिर गई। जिसे तत्काल नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बहरहाल छात्रा का शव नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। जहां शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
राजीव गांधी राजकीय महिला महाविद्यालय में पढ़ने वाली 22 वर्षीय छात्रा को अचानक चक्कर आ गया और उसे उल्टियां होने लगी। थोड़ी देर बाद ही वह बेसुध हो गई। जिसे कॉलेज स्टाफ सदस्यों की मदद से तत्काल नागरिक अस्पताल के आपात विभाग में ले जाया गया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. राकेश शर्मा ने छात्रा को प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उपचार के दौरान ही छात्रा ने दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी छात्रा के परिजनों को दी गई। सूचना पाकर परिजन भी नागरिक अस्पताल पहुंच गए। वहीं चर्चाएं ये भी हैं कि छात्रा सुबह खाली पेट कॉलेज पहुंची थी। अधिक गर्मी की वजह से भी छात्रा की मौत होने का अंदेशा जताया जा रहा है, लेकिन फिलहाल चिकित्सकों ने अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं की है। चिकित्सकों के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता लग सकेगा।
वर्जन:::
छात्रा को बेसुध हालत में यहां लाया गया था। उसकी पल्स नहीं चल रही थी। उसे थोड़ा-थोड़ा सांस आ रहा था। प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। खून के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे और शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट होगी।
- डॉ. राकेश शर्मा, आपात विभाग, ड्यूटी चिकित्सक, नागरिक अस्पताल भिवानी।
संदिग्ध परिस्थितियों में हुई दो लोगों की मौत -
वीरवार को संदिग्ध हालत में जहरीले पदार्थ के सेवन की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। पहला मामला गांव नांधा का बताया है, जहां खेत में कीटनाशक का छिड़काव करने के दौरान अचानक ही एक व्यक्ति की तबीयत बिगड़ गई, जिसे परिजन नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे तो यहां प्राथमिक उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। वीरवार सुबह नागरिक अस्पताल में बाढ़डा पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
वहीं, दूसरा मामला गुजरानी पुलिस चौकी के अंतर्गत का है। जहां एक गांव निवासी एक युवक ने संदिग्ध हालत में जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सदर पुलिस के जांच अधिकारी प्रवीन ने शव का वीरवार को पोस्टमार्टम कराया। वहीं, परिजनों के बयान दर्ज कर इस संबंध में इत्तेफाकिया मौत मामले की कार्रवाई की।
------