भिवानी। तोशाम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव की 12 साल की किशोरी को रिश्ते में मामा लगने वाले युवक द्वारा अगवा किए जाने के मामले में परिजन लगातार पुलिस ने गुहार लगा रहे हैं। किशोरी के अगवा होने के 48 दिन बाद भी तोशाम पुलिस न तो अगवा करने वाले आरोपी युवक का पता लगा पाई है न ही किशोरी बरामद हुई है।
मंगलवार को फिर से परिजन बाल कल्याण समिति के समक्ष न्याय की गुहार लेकर पहुंचे। जबकि बाल कल्याण समिति की ओर से तोशाम पुलिस को करीब एक माह पहले ही पत्र जारी कर इस संबंध में किशोरी बरामद करने के निर्देश दिए थे। अब बाल कल्याण समिति ने तोशाम पुलिस की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने पर इस मामले की सूचना हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष और भिवानी पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजा है। वहीं पीड़िता के परिजनों ने भिवानी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर किशोरी के बरामदगी की गुहार लगाई है।
बाल कल्याण समिति के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचे परिजनों व गांव के मौजिज लोगों ने बताया कि गत आठ फरवरी को तोशाम पुलिस थाना में 12 साल की किशोरी को रिश्ते में मामा लगने वाले युवक द्वारा अगवा किए जाने की शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने किशोरी के अपहरण का केस दर्ज किया था। मगर आज तक पुलिस इस मामले में एक कदम भी आगे नहीं बढ़ी है। इस मामले को लेकर करीब एक माह पहले भी परिजन बाल कल्याण समिति के समक्ष शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिस पर बाल कल्याण समिति सदस्यों ने तोशाम पुलिस थाना में पत्र लिखकर इस मामले में तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके कोई जवाब सीडब्ल्यूसी के पास आया न किशोरी मिली। मंगलवार को परिजनों ने फिर से सीडब्ल्यूसी कार्यालय पहुंचकर किशोरी बरामदगी की गुहार लगाई। बाल कल्याण समिति सदस्य रमेश कुमार और सतेंद्र तंवर ने परिजनों को आश्वासन दिया।
हमने सीडब्ल्यूसी की तरफ से पहले भी तोशाम पुलिस को इस संबंध में पत्र लिखा था अब फिर से रिमाइंडर भेजा है। इसी के साथ हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्षा और भिवानी पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजा है। किशोरी के परिजन दूसरी बार यहां आए हैं। अगर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है तो फिर राज्य बाल आयोग कोई कड़ा कदम उठाएगा।
-सतेंद्र तंवर, सदस्य जिला बाल कल्याण समिति भिवानी।