थाने के बाहर प्रदर्शन करते मृतक युवती के परिजन।
बवानीखेड़ा। गांव किरावड़ में गुमशुदा लड़की की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। हत्या कर शव को नहर में फेंकने वाले दो आरोपी युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। युवती 16 जुलाई से लापता थी। उसका शव पुलिस को निर्वस्त्र अवस्था में बालसमंद नहर में सिवानी खेड़ा के पास मिला था।
बता दें कि किरावड़ निवासी सुभाष ने 16 जुलाई को अपनी पुत्री करीना (19) के घर से लापता होने की शिकायत दी थी। जिस पर पुलिस ने 17 जुलाई को युवती के गुमशुदगी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बवानी खेड़ा पुलिस को 27 जुलाई को हिसार के मंगाली चौकी से फोन पर सूचना प्राप्त हुई कि 18 जुलाई को बालसमंद नहर सिवानी खेड़ा के पास एक युवती का शव बरामद हुआ था।
इसे पुलिस ने 72 घंटे के लिए हिसार स्थित सामान्य अस्पताल के शव-गृह में पहचान के लिए रखवा दिया गया था, लेकिन पहचान नहीं होने के कारण हिसार पुलिस ने युवती के शव का दाह संस्कार हिसार कर दिया था। इस मामले की सूचना मिलने पर बवानीखेड़ा पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस परिजनों सहित पहचान के लिए मंगाली पुलिस चौकी पहुंची। जहां फोटो से उन्होंने युवती की पहचान की।
इसके बाद पुलिस ने मामले को गहनता से जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल की सहायता से गांव के ही दो व्यक्तियों में नटवर व रविंद्र को इस मामले की जांच के लिए 30 जुलाई को अपने साथ ले आई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि युवती की गांव में ही हत्या करके शव को अपनी गाड़ी में डालकर हिसार के बालसमंद नहर में डाल दिया। ताकि उन पर शक न हो। दोनों गांव में ही फास्ट फूड की दुकान चलाते हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें कारागार भेज दिया गया। वहीं पुलिस द्वारा हत्या में प्रयुक्त गाड़ी को हांसी में लावारिस हालत में बरामद कर लिया है। मामले की जांच कर रहे तोशाम के डीएसपी दलीप सिंह ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत पर जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज व कॉल डिटेल के माध्यम से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वही इस मामले में परिजनों व ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि इस मामले में और भी आरोपी हैं। अन्य आरोपियों पर कार्रवाई के लिए परिजनों ने थाने पहुंचकर प्रदर्शन करते हुए अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। डीएसपी दलीप सिंह ने कहा कि पुलिस अपना कार्य निष्पक्ष रूप से कर रही है। परिजनों के साथ न्याय किया जाएगा।