तोशाम (भिवानी)। तोशाम के सागवान रोड पर फिल्मी अंदाज में एक ऑल्टो कार में सवार युवकों ने सोमवार को बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन पर डंडे बरसाने शुरू कर दिए। साथ ही हमलावरों ने दिनदहाड़े सड़क पर पिस्तौल लहराते हुए युवकों पर गोली चला दी। एक युवक के पैर में गोली के छर्रे लगे। वहीं आरोपी युवक हवा में पिस्तौल व डंडे लहराते हुए भाग गए।
पीड़ित ने बाइक पर पीछे बैठे साथी से 65 हजार रुपये की नकदी छीनने का भी आरोप लगाया है। वहीं तोशाम पुलिस ने पीड़ित की शिकायत परा चार युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इस वारदात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसके बाद पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई।
गांव बागनवाला निवासी राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह अपने दोस्त सचिन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव सागवान पैसे देने जा रहे थे। राहुल ने बताया कि सचिन मोटरसाइकिल के पीछे बैठा था। जिसके पास 65 हजार रुपये भी थे। सुबह करीब साढ़े नौ बजे एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल व ऑल्टो कार उनकी मोटरसाइकिल के सामने आकर रोक दी। गाड़ी में चार युवक आए थे। राहुल ने बताया कि जिनमें से एक युवक ने उसे डंडा सिर पर मारा। एक युवक के हाथ में पिस्तौल थी और अन्य युवकों के हाथों में डंडे थे। एक युवक ने सचिन की पेंट की जेब से 65 हजार रुपये निकाल लिए और एक युवक ने पिस्तौल से फायर किया। जिसके छर्रे सचिन के पैर पर लगे। वारदात के दौरान शोर मचाने पर अन्य व्यक्ति भी मौके पर एकत्रित हो गए तो आरोपी अपनी गाड़ी में बैठकर मौका से फरार हो गए।
वारदात से फैली दहशत
हमलावर दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में सरेआम सड़क पर हवा में पिस्तौल और डंडे लहरा रहे थे। इस दौरान क्षेत्र में भी दहशत का माहौल बन गया। इसी दौरान वारदात कि किसी ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाई। जिसे बाद में सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया गया। वीडियो में फायरिंग की आवाज भी साफ सुनाई दे रही है। वारदात की वायरल हुई वीडियो को देखकर हर कोई दहल उठा, क्योंकि आरोपियों के चेहरे पर न को कानून का कोई खौफ था और न ही किसी का कोई डर। सड़क पर काफी देर तक आरोपी दोनों युवकों पर डंडे बरसाते रहे और हवा में पिस्तौल लहराते रहे। इन युवकों से मारपीट कर इनकी हत्या का प्रयास करने के पीछे हमलावरों का क्या मकसद था, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। हालांकि मामले की गंभीरता को भांपते हुए तोशाम पुलिस इसकी तहकीकात में जुट गइ है।
हमलावरों को जल्द पकड़ा जाएगा
राहुल नामक युवक ने तोशाम पुलिस थाने में शिकायत दी है। शिकायत के साथ-साथ वारदात का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने इस आधार पर चार अज्ञात युवकों के खिलाफ हत्या प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की गंभीरता से छानबीन में जुटी है। जल्द ही हमलावरों की धरपकड़ की जाएगी।
- सुखबीर जाखड़, एसएचओ, तोशाम पुलिस थाना।
वारदात के समय डंडा लेकर सड़क पर दौड़ता युवक। संवाद- फोटो : Bhiwani