भिवानी। रोहतक रोड पर नौरंगाबाद गांव के पास शाम को दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादे में चार बच्चों समेत 11 घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हादसे की सूचना पर जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ, रोहतक से विधायक मनीष ग्रोवर सामान्य अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल-चाल पूछा।
हादसा रविवार सायं करीब साढ़े पांच बजे हुआ। दिल्ली निवासी विकास अपनी बहन के घर भिवानी के विद्यानगर में आया हुआ था। विकास के घर दिल्ली में 20 जनवरी को शादी समारोह है। उसी के लिए अपनी बहन को लेने आया था। शाम करीब सवा पांच बजे वह स्वयं, सुमित, राघव, हिना, प्रीति व सिद्धि गाड़ी से दिल्ली के लिए रवाना हुए। उधर रोहतक की ओर से भिवानी वासी महिला माया अपने मायके बेरी से बच्चों की स्कूली छुट्टियां खत्म होने के कारण बच्चों के साथ अपने घर लौट रही थी। उसके साथ उसका भाई भी था। गाड़ी में कुल माया, दीपक, अनुज, लक्षिता व प्रियांशु सवार थे।
जब दोनो गाड़ियां नौरंगाबाद के पास पहुंची तो बाबा खेड़े वाले मंदिर के नजदीक दोनों कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ। हादसे में सभी घायलों को गंभीर चोट आई। तुरंत घायलों को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल लाया गया। दिल्ली वासी सुमित, हिना व राघव को गंभीर चोट के चलते प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। राघव दो माह का बच्चा है। विद्यानगर से पहुंचे राजेश ने बताया कि सायं करीब साढ़े पांच बजे हादसा हुआ है। अभी कुछ नहीं बता सकते कि कैसे क्या हुआ। हादसे की सूचना पर जनस्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ, रोहतक से विधायक मनीष ग्रोवर भी सामान्य अस्पताल पहुंचे। घायलों का हालचाल पूछने के साथ चिकित्सकों को भी सभी घायलों के इलाज में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।