भिवानी। सेकेंडरी/सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक/मुक्त विद्यालय) कंपार्टमेंट, री-अपीयर, सीटीपी, अतिरिक्त विषय व अंक सुधार विषय की परीक्षा के प्रवेशपत्र बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर डाल दिए गए हैं। स्वयंपाठी परीक्षार्थी अपना प्रवेशपत्र बोर्ड की वेबसाइट दिए गए लिंक से पिछला अनुक्रमांक/नाम, पिता का नाम, माता का नाम भरते हुए डाउनलोड कर सकते हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि परीक्षा 16 अक्तूबर से 9 नवंबर तक संचालित होगी। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। परीक्षा में लगभग 57,841 परीक्षार्थी, जिनमें 36,459 छात्र व 21,381 छात्राएं और 01 ट्रांसजेंडर प्रदेशभर में 122 केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
डॉ. यादव ने बताया कि सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा में 5,417 परीक्षार्थी तथा सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक) परीक्षा में 7,108 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसी प्रकार सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) की परीक्षा में 20,749 परीक्षार्थी तथा सीनियर सेकेंडरी (मुक्त विद्यालय) की परीक्षा में 24,567 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
उन्होंने कहा कि अगर प्रवेशपत्र के विवरण में किसी प्रकार की कोई त्रुटि है तो परीक्षार्थी 11 अक्तूबर तक वांछित दस्तावेजों सहित बोर्ड कार्यालय में आकर ठीक करवा लें। इसके उपरांत फोटो व हस्ताक्षर संबंधी त्रुटि ठीक नहीं की जाएगी। यदि किसी परीक्षार्थी का प्रवेशपत्र जारी नहीं हुआ तो वह बोर्ड कार्यालय में वांछित दस्तावेज प्रस्तुत कर अपना अनुक्रमांक ले सकता है।
बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि सभी परीक्षार्थी अपना रंगीन प्रवेशपत्र ए-4 साइज पेपर पर ही प्रिंट करें। परीक्षार्थी अपना वही रंगीन फोटो प्रवेशपत्र पर चस्पा करें जो आवेदन फाॅर्म भरते समय अपलोड किया गया था। फोटो को किसी सत्यापित करवाना जरूरी है। प्रवेशपत्र एवं मूल पहचानपत्र (आधार कार्ड आदि) के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
.