अढ़ाई कोसी परिक्रमा में मौजूद महंत चरणदास महाराज व अन्य।
भिवानी। हनुमान जोहड़ी मंदिर धाम और युवा जागृति एवं जनकल्याण मिशन ट्रस्ट की ओर से बालयोगी महंत चरणदास महाराज के नेतृत्व में हनुमान जन्मोत्सव से 41 दिवसीय अढ़ाई कोसी परिक्रमा शुरू की गई है। यह आयोजन रविवार को 37वें दिन भारतीय सेना को समर्पित रहा। परिक्रमा मार्ग पर कई जगह तिरंगे लहराकर भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम को नमन किया गया। बालयोगी महंत चरणदास महाराज ने बताया कि वृंदावन, मथुरा और बरसाना जैसी विभिन्न धार्मिक नगरी में निकाली जाने वाली कोसी परिक्रमा की तर्ज पर छोटी काशी में भी यह आयोजन किया जा रहा है। इसमें रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। वह शहर के सभी 12 ऐतिहासिक दरवाजों सहित छोटी काशी के विभिन्न मंदिरों के बारे में भी जान रहे हैं। महंत चरणदास महाराज ने कहा कि यह परिक्रमा धार्मिक, सामाजिक चेतना का माध्यम बन चुकी है।
बहल में श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आयोजन 21 को
बहल। श्री श्याम मित्र मंडल ट्रस्ट बहल की ओर से 21 जून को खाटू वाले श्री श्याम बाबा का श्री श्याम गुणगान महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें आमंत्रित कई गायक कलाकार मनोहारी भजनों से बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे। मंडल के पदाधिकारी राहुल शर्मा ने बताया कि 21 जून को बाबा का महोत्सव कस्बे की कृष्ण वाटिका में होगा। इसमें सूरजगढ़ धाम के पुजारी हजारीलाल इंदौरिया और विनोद इंदौरिया का पावन सानिध्य रहेगा। जागरण में जयपुर से साक्षी अग्रवाल, संजू शर्मा, सूरजगढ़ से सुनील शर्मा, हिसार से विजय राजपूत, राजेश गोयल, रिंकू सिरसा सहित अन्य कलाकार बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे।