भिवानी। नियम 134-ए के तहत पात्र विद्यार्थियों को दाखिला न देने को लेकर एक बार फिर जिले के निजी स्कूल शिक्षा विभाग की कार्रवाई के घेरे में आ गए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से निजी स्कूल को नियम 134-ए के तहत दाखिला न देने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने जिला के 100 से ज्यादा निजी स्कूलों को नोटिस जारी किया है। निजी स्कूलों की ओर से अगर संतुष्टिजनक जवाब नहीं आता है तो उसकी मान्यता पर भी तलवार लटक जाएगी।
वहीं नियम 134-ए के तहत दाखिला पाने के लिए 15 जनवरी अंतिम तिथि जारी की हुई है। बावजूद इसके जिले के 100 से अधिक निजी स्कूलों में विद्यार्थियों के दाखिले लंबित पड़े हैं। ऐसे में बार-बार अभिभावक शिक्षा विभाग के कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। जिले में 2184 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की थी, जिनमें से 1067 के दाखिले हो चुके है। वहीं 567 विद्यार्थियों के दाखिले रद्द हो चुके हैं और 550 के दाखिले लंबित है।
विभाग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार निजी स्कूलों को तीन दिन के अंदर सभी पात्र विद्यार्थियों के दाखिला करने हैं। अगर दाखिला नहीं करते हैं तो उसका कारण भी बताना है। अगर दाखिला न करने का कारण संतुष्टिजनक नहीं हुआ तो निजी स्कूलों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसमें उनकी मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
स्कूल अलॉट, दाखिला बाकी
नियम 134-ए के तहत विद्यार्थियों को शुरुआत में अपनी पसंद के 10 स्कूल चुनने का विकल्प दिया गया था। इन स्कूलों में से ही एक स्कूल विद्यार्थियों को दाखिला के लिए अलॉट किया गया। इसी स्कूल में विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाना है। अब मर्जी से किसी अन्य स्कूल में दाखिले नहीं दिए जाएंगे।
प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन ने 17 दिसंबर को किया था विरोध
प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने नियम 134 ए के तहत 17 दिसंबर को निजी स्कूलों में दाखिला देने से मना किया था। प्रदेश अध्यक्ष रामअवतार शर्मा ने कहा था कि शिक्षा विभाग द्वारा पिछले वर्षों की बकाया राशि जारी नहीं किए जाने तक राज्य के किसी भी निजी स्कूल में नियम 134ए के तहत दाखिले नहीं होंगे। रामअवतार शर्मा ने 9वीं से 12वीं तक की कक्षा में नियम 134ए के तहत निशुल्क पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों की फीस निर्धारित करने और जारी करने की मांग थी।
जिले में 2185, भिवानी में 1251 ने की थी परीक्षा उत्तीर्ण
134-ए के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश के लिए कराई गई परीक्षा को जिले में 2185 और भिवानी खंड के 1251 विद्यार्थियों ने उत्तीर्ण किया है। भिवानी खंड से इसमें दूसरी कक्षा के 271, तीसरी के 384, चौथी के 137, पांचवीं 134, छठी के 111, सातवीं के 89, आठवीं के 102, नौवीं के 71 और 11वीं के 52 विद्यार्थियों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। (संवाद)
करेंगे कार्रवाई
नियम 134-ए के तहत दाखिले के पात्र विद्यार्थी 15 जनवरी तक निजी स्कूलों में दाखिला ले सकते हैं। 134ए के तहत विद्यार्थियों को दाखिला नहीं देने वाले स्कूलों के प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए हैं। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर निजी स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके तहत मान्यता भी रद्द की जा सकती है।
- रामअवतार शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी
मंत्री के साथ बैठक के बाद लेंगे दाखिले पर फैसला
अधिकारी अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। मंगलवार को एसोसिएशन की शिक्षा मंत्री के साथ बैठक होनी है। बैठक के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा। शिक्षा मंत्री से बैठक होने तक बच्चों के दाखिले नहीं किए जाएंगे।
- रामअवतार शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन