14 फोटो देर रात हुए मिनी बाइपास झगड़े के दौरान पहुंची पुलिस व मौके पर मौजूद भीड़। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। शहर के कोंट रोड मिनी बाईपास राव तुलाराम चौक के समीप रविवार देर रात को एक युवक की भीड़ ने जमकर धुनाई कर डाली। युवक एक लड़की का जबरन हाथ पकड़कर उसे गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रहा था। मामले की सूचना डायल 112 पर दी गई। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को एंबुलेंस में इलाज के लिए भिजवाया।
मिनी बाईपास क्षेत्र में एक सब्जी विक्रेता की बेटी को जबरन कार में बैठाने का प्रयास कर रहे युवक की राहगीरों ने जमकर धुनाई कर डाली। बताया जा रहा है कि लड़की के परिजन भी वहां पहुंच गए और उनकी आरोपी युवक के साथ भी झड़प हुई। लड़की को जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास कर रहे युवक की भीड़ ने जमकर धुनाई कर डाली। मारपीट से युवक बेसुध होकर सड़क पर ही गिर गया। वहीं कार में बैठा युवक भी गाड़ी सहित वहां से रफूचक्कर हो गया। मामले की जानकारी औद्योगिक पुलिस थाना में दी गई। थाने से एक टीम भी मौके अस्पताल पहुंची, मगर वहां पर घायल युवक नहीं मिला। अस्पताल से गायब हुए युवक के संबंध में घटना स्थल पर पहुंचकर पुलिस ने पूछताछ की और फिर फोन कर उससे संपर्क साधा। आरोपी युवक ने किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से साफ इनकार कर दिया, वहीं लड़की पक्ष से भी पुलिस के समक्ष कोई शिकायत नहीं आई।
इस संबंध में औद्योगिक पुलिस थाना एसएचओ रणबीर सिंह ने बताया कि डॉयल 112 के जरिये थाने में एक युवक के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस अस्पताल पहुंची तो युवक वहां नहीं मिला। बाद में फोन से संपर्क कर युवक से बात हुई, युवक ने पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।