भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के विद्यार्थी भी कॉस्ट अकाउंटिंग का कोर्स कर अकाउंटिंग के क्षेत्र में भविष्य बना पाएंगे। इसके लिए दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया और चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय के बीच एक एमओयू साइन हुआ है। यह जानकारी दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया के भिवानी चैप्टर के सचिव संदीप शर्मा व सीबीएलयू के प्रो. दीपक गुप्ता ने दी।
इस मौके पर दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया की तरफ से सीएमए मनोज कुमार आनंद सीबीएलयू की तरफ से कुलसचिव ऋतु सिंह ने एमओयू साइन किया। इसके अलावा उनके साथ भिवानी चैप्टर के चेयरमैन सीएमए विजय कुमार शर्मा, सचिव सीएमए संदीप शर्मा, सीएमए सोमी कुमार शर्मा, दीपक वत्स और सीबीएलयू के कुलपति प्रो. आरके मित्तल, कुलसचिव ऋतु सिंह, डीन सुनीता भरतवाल, डॉ. मीरा सिंह और डॉ. प्रीति देवी मौजूद रहे। दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया के भिवानी चैप्टर के चेयरमैन सीएमए विजय कुमार शर्मा ने कहा कि दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया लागत लेखाकारों के पेशे को विकसित करने तथा विनियमित करने वाला भारत का मान्यता प्राप्त पेशेवर संस्थान है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को कोस्ट अकाउंटिंग के क्षेत्र में पारंगत बनाना व रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाना है। सीबीएलयू के कुलपति प्रो. आरके मित्तल व कुलसचिव ऋतु सिंह ने कहा कि इस एमओयू के साइन होने से दोनों संस्थानों के बीच एक-दूसरे के शैक्षिक कार्यों को जानने व उनमें सहयोग करने के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
गौरतलब होगा कि इस एमओयू के साइन होने से दि इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट ऑफ इंडिया की ओर से सीबीएलयू में कोस्ट अकाउंटेंट के मुख्य कोर्स के अलावा टेक्नो स्किल ट्रेनिंग फैसिलिटी, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस ट्रेनिंग सर्टिफिकेशन, ई-फाइलिंग ट्रेनिंग सर्टिफिकेशन, एग्जीक्यूटिव डिप्लोमा इन बिजनेस वैल्यूएशन, एग्जीक्यूटिव डिप्लोमा इन कोस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटिंग फॉर इंजीनियर्स, सर्टिफिकेट कोर्स इन अब्रीट्रेशन, सर्टिफिकेट कोर्स गुड्स एंड सर्विस टैक्स, डिप्लोमा इन बिजनेस वैल्यूएशन, डिप्लोमा इन आईएस ऑडिट कंट्रोल, डिप्लोमा इन इंटरनल ऑडिट, एसएपी ट्रेनिंग कोर्स, सर्टिफिकेट इन अकाउंटिंग टेक्नीशियन कोर्स सहित अन्य कोर्स भी करवाए जाएंगे।