भिवानी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय के नए कैंपस तक रोडवेज बसों का ठहराव नहीं होने से नाराज विद्यार्थियों ने मंगलवार दोपहर को भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। विद्यार्थियों ने करीब 30 मिनट तक जाम लगाए रखा। इस दौरान भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर वाहनों का भी लंबा जाम लगा।
चौ. बंसीलाल विश्वविद्यालय मुख्य गेट के सामने बसों को न रोकने व प्राइवेट बसों में विद्यार्थी बस पास न मान्य होने के चलते विद्यार्थियों ने भिवानी-हांसी मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम लगाकर प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि रोडवेज की बसों का विश्वविद्यालय मुख्य गेट पर ठहराव नहीं होता है। इस वजह से छात्राओं को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं जाम की सूचना पाकर रोडवेज के यातायात प्रबंधक भरतसिंह परमार मौके पर पहुंचे। रोडवेज टीएम ने बुधवार से ही विद्यार्थियों की समस्या का हल करने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन करते हुए विश्वविद्यालय विद्यार्थी सविता, सुमन, पूनम, अंकिता, संदीप, आशा जयदीप ने बताया कि रोडवेज व प्राइवेट बस चालक यूनिवर्सिटी के बाहर मुख्य गेट पर बस नहीं रोकते हैं। इसके कारण उन्हें अपने गांव से आने-जाने में समस्याओं का सामना करना पड़ता है। साथ ही प्राइवेट बसों के परिचालक छात्राओं से बदतमीजी करते हैं। वहीं निजी बस परिचालक छात्राओं का रोडवेज विभाग द्वारा बनाया गया बस पास भी बसों में मानने से मना करते है।
वहीं एनएसयूआई छात्र नेता प्रवीण बूरा ने बताया कि प्रेम नगर कैंपस में पढ़ने वाले छात्र व छात्राओं को बसों के लेकर अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बस चालक परिचालक काफी बार विश्वविद्यालय के सामने बस नहीं रोकते हैं। इससे ग्रामीण छात्रों को गांव में जाने के लिए समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन समस्याओं को देखते हुए मंगलवार को यूनिवर्सिटी कैंपस के बाहर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि अगर एक सप्ताह के अंदर समस्या का समाधान नहीं किया गया तो विद्यार्थी रोड जाम करेंगे।
विद्यार्थियों ने की शाम के समय बस चलाने की मांग
प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थियों ने कहा कि उनकी कक्षाएं शाम 4 बजे तक लगती हैं। विश्वविद्यालय तक चलने वाली रोडवेज की बसें 2:30 यहां से रवाना होती है। उसके बाद कैंपस से भिवानी जाने के लिए मुख्य रोड तक जाना पड़ता है। इसके कारण विद्यार्थियों को घर पहुंचने में देर हो जाती है। विद्यार्थियों ने बसों की मांग करते हुए कहा कि शाम को 3:15 व 4:15 पर दो बसें अतिरिक्त चलाई जाएं।
हमें विश्वविद्यालय के प्रेम नगर स्थित नए कैंपस में आने जाने के लिए बसों में सवार होकर आना पड़ता है। लेकिन ज्यादातर बस चालक विश्वविद्यालय गेट के सामने बसों को रोकने के बजाए तेज गति से निकाल ले जाते है। जिसके कारण हमें घर पहुंचने में देरी हो जाती है। इसके कारण हमें समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
- सुमन, छात्रा।
प्रेम नगर स्थित विश्वविद्यालय के नए कैंपस में आने के लिए हमें बसों में सफर करना पड़ता है। इसके लिए हमने बसों के विद्यार्थी पास बनवाए हुए हैं। लेकिन प्राइवेट बसों के परिचालक पास चलाने के लिए मना कर देते हैं। हमसे पास होने के बावजूद भी प्राइवेट बसों में किराया लिया जाता है। इसके कारण हमें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
- आशा, छात्रा।
सीबीएलयू विद्यार्थियों ने बसों की समस्या को लेकर प्रदर्शन किया गया था। यदि विश्वविद्यालय के सामने कोई रोडवेज चालक बस नहीं रोकता है, तो उस बस का नंबर नोट कर रोडवेज विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाया जाए। संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शाम के समय बच्चों की सुविधा के लिए 3:15 व 4:15 पर दो बसें अतिरिक्त रोडवेज बसें बुधवार से ही चलाई जाएंगी।
- भरत सिंह परमार, टीएम, रोडवेज भिवानी।