भिवानी। भिवानी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान दाखिल किए संपत्ति के ब्यौरे के हिसाब से घनश्याम सर्राफ पहले से अधिक अमीर हो गए हैं। क्योंकि उन्होंने अपनी और पत्नी के नाम शपथ पत्र में करीब दस करोड़ से अधिक की संपत्ति दर्शायी है। जबकि पिछले चुनाव में उन्होंने करीब आठ करोड़ से अधिक की संपत्ति का ब्यौरा दिया था।
भिवानी विधानसभा से पांचवीं बार भाजपा उम्मीदवार घनश्याम सर्राफ ने केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ सचिवालय पहुंचकर एसडीएम को अपना नामांकन भरा। इस दौरान उनके साथ पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा जिला अध्यक्ष मुकेश गौड़, भवानी प्रताप सिंह, संजय देवसरिया भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री की अगुवाई में विधायक घनश्याम सर्राफ ने अपनी नामांकन की प्रक्रिया पूरी की। इससे पूर्व रोहतक गेट स्थित उत्सव बैंक्वेट हॉल में निवर्तमान विधायक घनश्याम सर्राफ ने विश्व शांति के लिए हवन में आहुति डाली।
ये दर्शायी घनश्याम ने अपनी चल और अचल संपत्ति
घनश्याम सर्राफ ने अपने नामांकन पत्र के साथ दिए शपथ पत्र में खुद की चल संपत्ति एक करोड़ 14 लाख 32 हजार 167 रुपये दर्शायी है। जबकि दो करोड़ 45 लाख की अचल संपत्ति है। सर्राफ पर 5,04,030 रुपये का लोन है। घनश्याम सर्राफ पर एक फॉर्च्यूनर कार और 300 ग्राम सोना है। घनश्याम सर्राफ पर 3,37,367 रुपये नकद हैं। अचल संपत्ति के विवरण के हिसाब से घनश्याम सर्राफ पर तीन कनाल 10 मरला भूमि लोहारी जाटू में है। इसकी कीमत 65 लाख आंकी है। बिचला बाजार में एक दुकान है। वहीं उनकी पत्नी प्रेमलता सर्राफ के पास दो लाख 29 हजार 140 रुपये नकद है। करीब एक किलोग्राम सोना है। एक एक्टिवा स्कूटी भी उनके नाम है। इस तरह से प्रेमलता सर्राफ के पास दो करोड़ 37 लाख 33 हजार नौ सो 67 की चल संपत्ति है। इसी तरह प्रेमलता के पास अचल संपत्ति में गांव प्रेमनगर, जाटूलुहारी में 23 कनाल 17 मरले 11 बीघे भूमि है। जिसकी कीमत करीब पांच करोड़ 35 लाख आंकी गई है। प्रेमलता सर्राफ पर 1,95,54,206 रुपये का लोन है। 2019 के विधानसभा चुनाव में घनश्याम सर्राफ ने अपने नामांकन में कुल 8,12,97,992 की संपत्ति और 1,97,42,214 रुपये का लोन दर्शाया था।
दो करोड़ 73 लाख चल और 3 करोड़ अचल संपत्ति के मालिक हैं अनिरुद्ध चौधरी, तोशाम से भरे चार नामांकन
तोशाम। विधानसभा तोशाम क्षेत्र में मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी अनिरुद्ध चौधरी सहित चार प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र भरा। तोशाम के निर्वाचन अधिकारी डॉ. अश्वीर सिंह नैन ने बताया कि मंगलवार को विधानसभा चुनाव के लिए तोशाम विधान सभा क्षेत्र से छटे दिन चार प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं।
अनिरुद्ध चौधरी और उनकी पत्नी संज्ञा चौधरी (44) ने अलग-अलग तौर पर इंडियन नेशनल कांग्रेस से, सुभाष वर्मा निवासी खानक ने राष्ट्रीय जनहित विकास पार्टी से और प्रदीप निवासी खरकड़ी सोहान ने बहुजन मुक्ति पार्टी से नामांकन पत्र दाखिल किया। तोशाम में अब तक पांच नामांकन हो चुके हैं।
अनिरुद्ध चौधरी ने अपने नामांकन के साथ दाखिल किए शपथ पत्र में अपनी और अपनी पत्नी संज्ञा चौधरी की चल और अचल संपत्ति का ब्योरा भी दर्ज कराया है। जिसके अनुसार अनिरुद्ध चौधरी के पास चल संपत्ति में दो करोड़ 73 लाख 95 हजार 336 रुपये हैं। अचल संपत्ति में उनके पास न्यू दिल्ली में आवास है जिसकी कीमत करीब तीन करोड़ आंकी गई है। अनिरुद्ध चौधरी पर 19 लाख 84 हजार 852 रुपये का लोन है।
उसके पास 43600 रुपये नकद है। जबकि उनकी पत्नी संज्ञा चौधरी के पास 12 करोड़ 17 लाख 27 हजार 982 रुपये की चल संपत्ति है। संज्ञा के पास 47500 रुपये नकद है। जबकि 19 लाख 53 हजार 490 रुपये का लोन है। इसके अलावा अनिरुद्ध चौधरी के पास एक फॉर्च्यूनर और एक इलेक्ट्रिक कार भी है। उनकी पत्नी संज्ञा के पास एक इनोवा गाड़ी है।