भिवानी। आदर्श महिला महाविद्यालय में नर्सिंग की ऑर्गेनिक केमिस्ट्री की परीक्षा में किसी दूसरी छात्रा की जगह परीक्षा में बैठी एक छात्रा को सेंटर में ड्यूटी दे रहे स्टाफ ने पहचान लिया और फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। छात्रा का दूसरे की जगह परीक्षा देने पर यूएमसी बनाया और फिर इस संबंध में सिविल लाइन था पुलिस को भी शिकायत दी। पुलिस ने दूसरे की जगह परीक्षा देने वाली छात्रा को गिरफ्तार किया।
सिविल लाइन पुलिस थाने में दी शिकायत में डॉ. सुनीता ने बताया कि उसकी ड्यूटी आदर्श महिला महाविद्यालय में बनाए गए केंद्र पर सेंटर सुपरिटेंडेंट के तौर पर लगी है। उसके सेंटर में एक अप्रैल को ऑर्गेनिक केमिस्ट्री की परीक्षा थी। परीक्षा केंद्र के कमरा नंबर 20 में अंकिता गुप्ता ड्यूटी दे रही थीं। ड्यूटी के दौरान उसे आभास हुआ कि एक छात्रा सपना की जगह अन्य लड़की बैठकर परीक्षा दे रही है। उसकी पहचान उषा के रूप में हुई। इस संबंध में मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी छात्रा उषा व सपना के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी छात्रा उषा को गिरफ्तार किया।