भिवानी डिपो में बैठक को संबोधित करते वक्ता।
भिवानी। हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन संबंधित सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा भिवानी डिपो की बैठक डिपो प्रधान अनिल फौजी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक का संचालन डिपो सचिव अनिल नागर ने किया।
बैठक में राज्य प्रधान नरेंद्र दिनोद, महासचिव सुमेर सिवाच एवं उप महासचिव पवन शर्मा ने सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कहा कि सभी डिपो महाप्रबंधक परिवहन मंत्री से समझौते के अनुरूप एक माह में 10 की बजाय 25 दिनों का रात्रि भत्ता नहीं दे रहे। एक वर्ष से कर्मचारियों का रात्रि भत्ता लंबित है, जिस कारण कर्मचारियों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि सरकार समझौते को रद्दी की टोकरी में डालकर वादाखिलाफी कर रही है। सरकार की ओर से लगातार रोडवेज कर्मचारियों की मांगों की जा रही अनदेखी व वादाखिलाफी को लेकर 21 सितंबर को भिवानी सांस्कृतिक सदन में राज्यस्तरीय सम्मेलन की जाएगी। सम्मेलन में प्रदेश के सभी डिपो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता भाग लेंगे।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के अध्यक्षों को ज्ञापन देकर मांग की जाएगी सभी राजनीतिक दल विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में स्पष्ट करें कि उनकी मांगों का स्थाई समाधान निकाला जाएगा। इस मौके पर डिपो प्रधान अनिल फौजी, सचिव अनिल नागर, उप प्रधान रामकिशन व प्रताप सिंह राठौर, सह सचिव गुलशन, कैशियर सोनू प्रजापत मौजूद रहे।