राज्य स्तरीय पशु प्रदर्शनी में पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल लोगों का अभिवादन स्वीकार करते हुए।
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। यूक्रेन से विद्यार्थियों को वापस लाने के लिए हरियाणा सरकार केंद्रीय विदेश मंत्रालय के लगातार संपर्क में है। रविवार तक 700 विद्यार्थियों को भारत लाया जा चुका है। अभी रोमानिया, हंगरी और पोलैंड के रास्ते और विद्यार्थियों को लाने के लिए सरकार प्रयासरत है।
भिवानी में 38वीं प्रदेश स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने यह बात कही। महंगी मेडिकल की पढ़ाई के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं यह अपील कर चुके हैं कि प्राइवेट कालेजों को मेडिकल की पढ़ाई की फीस कम करनी चाहिए, ताकि हिंदुस्तान के बच्चों को बाहर न जाना पड़े। हरियाणा में भी 12 से अधिक मेडिकल कालेज बनवाए जा रहे हैं। सरकार कोशिश करेगी कि और सरकारी मेडिकल कॉलेज खोले जाएं।
सरकार पूरी तरह से किसानों के हित में कर रही काम
उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह से किसान के हितों के लिए काम कर रही है और किसान की समृद्धि के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। वह खुद भी किसान परिवार से हैं और यहां से 30 किलोमीटर दूर अपने गांव में उन्होंने अपने पिता के साथ खेत में काम किया है। सीएम ने कहा कि उनके साथी मंत्री जेपी दलाल, कंवरपाल गुर्जर, सांसद धर्मबीर सिंह सभी किसान परिवारों से संबंध रखते हैं। यह पूरी सरकार किसानों की टोली है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन में जो विषय उठाए गए, उनकी मांग कांग्रेस शासनकाल में 30 साल पहले उठाई गई थी। यह अलग बात है कि राजनीतिक वैतरणी पार करने के मकसद से आज कांग्रेस इन कानूनों की खिलाफत करने में लगी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूझबूझ का परिचय देते हुए इन तीनों कानूनों का वापस ले लिया है और इनके हर एक पहलू की विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों व वाणिज्य निपुण विद्वानों से समीक्षा करवाई जा रही है।
ओलावृष्टि की करवाई जाएगी गिरदावरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि ओलावृष्टि की भी गिरदावरी करवाई जाएगी। सरकार हमेशा किसानों के पक्ष में रही है। उन्होंने बताया कि गत वर्ष के खरीफ फसलों का 561 करोड़ का मुआवजा मंजूर कर बंटवाया जा रहा है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कंपनियां 800 करोड़ की क्षतिपूर्ति राशि स्वीकृत कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि शुद्ध दूध के उत्पादन में हरियाणा भी आने वाले समय में पूरे देश में नंबर एक पर होगा। इसके लिए प्रयास किए जाएंगे। नकली दूध बेचने वालों पर सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसहयोग से भी बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। वर्ष 2015 में चलाया गया बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अब एक सफलता की ओर बढ़ता दिख रहा है। जब यह अभियान शुरू हुआ तो लिंगानुपात 870 था, जो कि अब 934 पर पहुंच गया है। हमारा लक्ष्य है कि इसे 950 तक लेकर जाएं।