चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में अपनी मागों को लेकर धरने पर बैठ नारेबाजी करते अनुबंध कर्मचारी।
भिवानी। चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे अनुबंध कर्मचारियों ने लंबित वेतन के भुगतान की मांग को लेकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। कर्मचारियों ने सोमवार सुबह 9 से 11 बजे तक दो घंटे का वर्क सस्पेंड रखकर धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि दिवाली से पहले उनके वेतन का भुगतान नहीं हुआ, तो वे इस बार काली दिवाली मनाएंगे और आंदोलन को आमरण अनशन या भूख हड़ताल में तब्दील कर देंगे।
इस मौके पर यूनियन के जिला प्रधान दीपक तंवर ने कहा कि कर्मचारियों की करीब साढ़े तीन महीने की सैलरी पिछले एक साल से पेंडिंग पड़ी है। उन्होंने सवाल उठाया कि बकाया वेतन न मिलने के कारण उनके कई जरूरी कार्य अटके पड़े हैं। कई खर्चें पूरे करने में उन्हें काफी परेशानी हो रही है। कर्मचारी केवल अपनी मेहनत की सैलरी और ईएसआई कार्ड का हक मांग रहे हैं।
प्रधान दीपक तंवर ने प्रशासन और सरकार की कार्यशैली पर रोष जताते हुए कहा कि पिछले साल के अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और जनवरी के 19 दिनों का वेतन आज तक अटका हुआ है, जिसके चलते प्रत्येक कर्मचारी का 65 से 70 हजार रुपये तक का भुगतान बाकी है। पूरा एक साल बीत चुका है लेकिन उनके वेतन भुगतान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन, मेडिकल प्रशासन और सरकार को बार-बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद केवल कोरे आश्वासन मिले हैं, समाधान कुछ नहीं निकला। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि त्योहारों के अवसर पर कर्मचारियों के घरों में भी उजाला होना चाहिए। सरकार अविलंब बकाया राशि जारी करे, अन्यथा सभी कर्मचारी एकजुट होकर भूख हड़ताल और उग्र धरने जैसा बड़ा कदम उठाने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर प्रवीण, अजय केहर पुरिया, संदीप, कर्मवीर, लकी, राजकुमार, मुकेश सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।