बवानीखेड़ा। कस्बे में इन दिनों सभी 16 वार्डों में सीवरेज व सफाई व्यवस्था बदहाल स्थिति में है। लोग चाह कर भी समस्या का समाधान नहीं करवा पा रहे हैं। हालांकि पब्लिक हेल्थ विभाग के उपमंडल अभियंता ने समस्या का पता लगने पर तुरंत समाधान करवाने की बात कही तो वहीं नपा सचिव संदीप गर्ग ने भी बंद पड़े नालों की सफाई करवाने का आश्वासन दिया।
कस्बावासी मुकेश, योगी, प्रेमपाल, विनोद तवंर, सुनील, तेजपाल ने बताया कि वार्ड नंबर एक में पिछले दो माह से सीवरेज व्यवस्था खराब है। घर से बाहर काम पर निकलने के लिए भी कई बार सोचना पड़ता है क्योंकि घर के बाहर गली में गंदगी ही गंदगी छाई रहती है। इसके अलावा नगर पालिका कार्यालय के सामने बने गंदे पानी की निकासी का नाला कचरे से लबालब है। इस बारे में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के उपमंडल अभियंता जयसिंह ने बताया कि उनके पास जो समस्या पहुंचती है वे उसका समाधान करवाने का कार्य करते हैं। जल्द ही इस समस्या का समाधान करवाया जाएगा। वहीं, नपा सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि बंद पड़े नालों को खुलवाया जाएगा ताकि शहर में समस्या न हो।