भिवानी। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश दीपक अग्रवाल, सीजेएम-कम-सचिव कपिल राठी, सीजेएम रितू, किशोर न्याय बोर्ड के प्रिंसिपल मजिस्ट्रेट राकेश कादयान ने जिला कारागार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों-हवालातियों को उनके केसों में आ रहीं मुश्किलों को सुना व समस्याओं के समाधान संबंधी जानकारी दी।
उन्होंने जेल की बैरकों व जेल में स्थापित कानूनी सहायता क्लीनिक और जेल अस्पताल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर जेल के किचन का भी दौरा किया और तैयार हो रहे भोजन का भी निरीक्षण किया। साथ ही जेल अधिकारियों को खाना पकाने में साफ-सफाई का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए। सेशन जज ने जेल में बंद कैदियों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को अपने केस की पैरवी करने के लिए वकील की जरूरत है, तो वह मुफ्त कानूनी सेवाएं के लिए प्राधिकरण के अधीन वकील की सेवाएं ले सकते हैं। महिला जेल बंदियों के रहन-सहन, स्वास्थ्य जांच, कानूनी जागरूकता के विषय में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। महिलाओं के बच्चों के खेल कमरे का निरीक्षण किया। इस मौके पर सेशन कोर्ट के सुपरिटेंडेंट डॉ. परमिंदर सिंह, जेल अधीक्षक सुरेंद्र सिंह, उप अधीक्षक राय साहब, उप अधीक्षक नरेश बूरा, लीगल एड डिफेंस काउंसलर के चीफ एडवोकेट राधेश्याम शर्मा, डिप्टी चीफ एडवोकेट नरेंद्र कांटीवाल, सहायक डिफेंस काउंसलर एडवोकेट बबीता दहिया, अमित चावला मौजूद रहे।