भिवानी। होली के हुड़दंग में कानून व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी पुलिस शिकंजा कसेगी और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिले भर में 39 पुलिस नाके लगाए हैं। शहर में करीब 250 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह ने जिलभर में कानून और शांति व्यवस्था के साथ संप्रदायिक सद्भावना बनाने एवं नागरिकों की जान व माल की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए कदम उठाए हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए भी सभी थाना व चौकी प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए हैं। एसपी ने कहा कि पुलिस का खुफिया तंत्र भी सादी वर्दी में भीड़भाड़ वाले इलाकों पर पैनी नजर रखेगा। यातायात को व्यवस्थित करने के लिए भी मुख्य चौराहों पर विशेष पुलिस दस्ते तैनात रहेंगे। सभी पीसीआर एवं राइडर को निर्देश दिए हैं कि पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जहां भी अव्यवस्था की सूचना मिलती है तुरंत मौके पर जाकर स्थिति से निपटेंगे। बाइक से पटाखा आवाज निकालने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।
इन स्थानों पर लगाए नाके
जिले में 12 स्थायी पुलिस नाकों के अलावा 27 पुलिस नाके अतिरिक्त लगाए गए हैं। इनमें रोहतक चौक, महम चौक, भगत सिंह चौक, हांसी चौक, घंटाघर चौक, भिवानी-मुंढाल बस स्टैंड, चांग बस स्टैंड, जूई बस स्टैंड, कितलाना बस स्टैंड, खरक बस स्टैंड, सराय चौपटा, दिनोद गेट, हनुमान ढाणी चौक, दादरी गेट, बस स्टैंड भिवानी, हुन्नामल प्याऊ, जैन चौक, बस स्टैंड जमालपुर, सीएचसी बवानीखेड़ा के सामने, सुरेंद्र सिंह चौक तोशाम, बंसीलाल चौक तोशाम, टी-प्वाइंट भिवानी रोड सिवानी, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड बहल, बीआरसीएम बहल, महावीर चौक लोहारू, रेलवे स्टेशन चौक लोहारू पर नाके लगाए हैं।
16 पैदल गश्त टीमें भी रखेंगी निगरानी
पुलिस न श्हर में 16 पैदल गश्त टीमें लगाई हैं। हांसी चौक से घंटाघर, घंटाघर से सराय चौपटा, सराय चौपटा से बर्तन बाजार चौक, बर्तन बाजार चौक से जैन चौक, जैन चौक से दादरी गेट, दादरी गेट से बावड़ीगेट, दादरी गेट से हनुमान गेट, हनुमान गेट से घोसियान चौक, घोसियान चौक से हालु बाजार, हालु बाजार से सर्राफा बाजार, सर्राफा बाजार से बिचला बाजार, बिचला बाजार से लोहड चौपटा, लोहड चौपटा से महम गेट, सराय चौपटा फूलों वाला चौक, फूलों वाला चौक से नया बाजार व सेक्टर 13 में पैदल गश्त टीमेें कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी करेंगी।
आपातकालीन विभाग में रहेगी स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष टीम, स्टाफ की छुट्टी रद्द
भिवानी। होली के पर्व को ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने आपातकालीन विभाग की तीनों शिफ्ट में तीन-तीन चिकित्सकों की ड्यूटी तय की है। इसके अलावा स्टाफ नर्स सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की भी ड्यूटी लगाई है। नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग इंचार्ज डॉ. मनीष श्योराण ने बताया कि होली के पर्व पर आपातकालीन स्थिति को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन विभाग और एंबुलेंस चालकों व स्टाफ की होली व धुलेंडी की छुट्टी रद्द कर दी है। इसके अलावा रैपिड रिस्पांस मेडिकल टीम का गठन किया है, जिनमें प्रत्येक रोग के विशेष चिकित्सकों को शामिल किया है। यह टीम सूचना मिलने पर तुरंत प्रभाव वे अस्पताल में पहुंचकर मरीजों का उपचार करेगी। साथ ही एंबुलेंस विभाग को भी अलर्ट किया गया है। इसके अलावा व्हील चेयर, स्ट्रेचर भी अलग से रखवा दिए है।
उपायुक्त ने होली पर पानी की बर्बादी न करने की अपील
भिवानी। उपायुक्त आरएस ढिल्लो ने जिले के नागरिकों को समाज में भाईचारा, सौहार्द व रंगों के त्योहार होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए पानी की बर्बादी नहीं करने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से होली पर्व पर पानी की बचत करने का संकल्प लेने का आह्वान किया है। उपायुक्त ने कहा है कि पानी व्यर्थ में बहाने से ही हमारे सामने पानी की किल्लत पैदा होती है। ऐसे में हमें पानी की कीमत को समझना होगा। उन्होंने कहा कि नागरिक रंगों के साथ होली खेेलें और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दे। उन्होंने कहा कि रंगों की इस त्योहार पर नागरिक पानी की बचत का संकल्प लें।
रात 9:12 से 10:23 बजे तक होलिका दहन का शुभ मुहूर्त
तोशाम। इस बार होलिका दहन के लिए लोगों के पास केवल 1 घंटा 10 मिनट का समय रहेगा। वीरवार दोपहर 1:26 से रात 1:15 तक भद्रा योग रहेगा, जिसे अशुभ माना जाता है। इस वजह से होलिका दहन के लिए सीमित समय होगा। इस दिन रात 9:12 से 10:23 बजे तक जब भद्रा का पुच्छकाल रहेगा, इस समय होलिका दहन किया जा सकता है।
पंडित श्रीकांत शास्त्री ने बताया कि होलिका दहन के लिए 1 घंटा 10 मिनट का समय मिलेगा। इस अवधि में दहन नहीं करने पर रात 1:15 बजे के बाद होलिका दहन किया जा सकेगा। फाल्गुन महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 17 मार्च को दोपहर से शुरू होगी, जो अगले दिन दोपहर तक रहेगी। उदया तिथि में 18 मार्च को पूर्णिमा रहने पर इसी दिन होली खेली जाएगी।