भिवानी। तोशाम में जूता व्यापारी के बेटे राघव के अपहरण मामले में मंगलवार को भिवानी पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों से पूछताछ की। इस दौरान अपहरण में शामिल आरोपियों की मदद करने वालों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। इससे पहले पुलिस दोनों आरोपियों को मौके पर ले जाकर सीन रिक्रिएट भी करा चुकी है।
भिवानी सीआईए प्रथम टीम के इंचार्ज निरीक्षक योगेश हुड्डा ने बताया कि बच्चे के अपहरण में शामिल बागनवाला निवासी रवींद्र और रमन से पूछताछ की जा रही है। रवींद्र ने बच्चे के अपहरण से जुड़ी सारी जानकारी अपने साथियों को लगातार मुहैया कराता रहा था जबकि आरोपी रमन भी उनका हेल्पर था। पुलिस के साथ व्यापारियों की गतिविधियों की एक-एक पल की सूचना अपहरण करने वालों तक पहुंच रही थी। वहीं पुलिस अब दोनों को बुधवार को दो दिन का रिमांड पूरा होने के बाद न्यायालय में पेश करेगी। वहीं सिरसा के छत्रपति चौक के समीप भिवानी पुलिस टीम के साथ मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी सुदर्शन उर्फ संदीप, खेतू और रवि को भी अब प्रोडेक्शन वारंट पर हासिल कर उनसे पूछताछ करेगी। वहीं आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहनों को भी कब्जे में लिया जाएगा। वहीं मंगलवार को व्यापारी के घर भी व्यापारियों और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा। हालांकि इस मामले में अभी भी एक फरार आरोपी की सीआईए की टीम तलाश में जुटी है। जिसे भी जल्द काबू किया जाएगा।