कोरोना वायरस के खतरे के बीच अफवाहों का बाजार भी गर्म है। रविवार को अफवाह फैली की सब्जीमंडी चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी में कोई पॉजिटिव मरीज सामने आया है। जिसके बाद पूरी कॉलोनी में हड़कंप मच गया और कॉलोनी में रहने वाले लोग न केवल घरों में दुबके रहे बल्कि फोन पर सूचना लेते रहे। बार-बार सैनिटाइजर का प्रयोग करते रहे।
कोरोना वायरस के चलते देशभर में रेड अलर्ट घोषित किया हुआ है। भिवानी में भी एहतियात बरते जा रहे है और विदेशों से आने वाले यात्रियों पर सभी की नजर टिकी है। सब्जीमंडी चौकी क्षेत्र की एक कॉलोनी में भी 18 मार्च को एक छात्रा लंदन से आई थी। जिसे स्वास्थ्य विभाग ने घर में ही अंडर ऑब्जर्वेशन रखा है। दोपहर के समय स्वास्थ्य विभाग की टीम छात्रा की सामान्य जांच के लिए पहुंची तो कॉलोनी में अफवाहें फैलने लगी। अफवाहों के बीच कॉलोनी में लोगों में डर फैल गया और लोग घरों में कैद रहे। साथ ही मामले को लेकर जान-पहचान वालों से बार-बार सूचना लेते नजर आए।
अफवाहों के बाद पिता हुआ परेशान
अफवाहों के बीच छात्रा के पिता के पास भी लोग फोन करने लगे। लोगों को जवाब देते-देते छात्रा का पिता भी परेशान हो गया। आखिरकार एक व्हाट्स-अप मैसेज बनाकर लोगों को जवाब देना शुरू किया।
अब तक दो लोग आए, दोनों की रिपोर्ट निगेटिव : स्वास्थ्य विभाग के रिकार्ड में अब कोरोना वायरस के संबंध में दो ही सेंपल जांच के लिए पीजीआई रोहतक की लैब में भेजे है और दोनों की ही रिपोर्ट निगेटिव रही है।
भिवानी में अभी तक कोई पॉजिटिव मरीज नहीं है। स्वास्थ्य विभाग ने तमाम तैयारी कर रखी है। आइसोलेशन वार्ड बनाए गए है। चिकित्सकों की टीम गठित की जा चुकी है। जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे है। लोगों से अपील है कि अफवाहें न फैलाए और आमजन भी ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें। -डॉ. जितेंद्र कादियान, सिविल सर्जन।