नौकरी के नाम पर ठगे 12 लाख रुपये
मुख्यमंत्री के साथ रिश्तेदारी होने की बात कहकर पीड़ित को लिया था झांसे में
17 लाख रुपये में तय हुई थी बात, अब सीएम विंडो पर दी शिकायत
भिवानी। पुराना हाउसिंग बोर्ड निवासी एक व्यक्ति ने सीएम विंडो में शिकायत दी है। शिकायत में बताया कि गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति ने नौकरी के नाम से उसके साथ 12 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपी ने सीएम के साथ रिश्तेदारी होने का झांसा दिया था।द्घ
सीएम विंडो पर दी शिकायत में मूल रूप से गांव धनाना और वर्तमान में पुराना हाउसिंग बोर्ड निवासी देवेंद्र ने बताया कि गुरुग्राम निवासी प्रदीप कोहली के साथ उसके अच्छे संबंध थे और रुपयों का लेनदेन था। उसने बताया कि उसका एक दोस्त है, जिसका नाम विवेक खन्ना है। विवेक खन्ना मुख्यमंत्री का रिश्तेदार है और वह हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवाता है। देवेंद्र ने अपने साले मोहित ग्रेवाल की नौकरी के लिए प्रदीप कोहली के साथ बात कर ली। प्रदीप ने उसे विवेक खन्ना के साथ मिलवाया। उन्होंने 17 लाख रुपये में डील फाइनल की। साथ ही कहा कि उसके साले को पेपर देने भी नहीं जाना होगा। इसके लिए 12 लाख रुपये पहले और पांच लाख रुपये बाद में देने होंगे। इस पर देवेंद्र सहमत हो गया। इसके बाद देवेंद्र ने फोन पे और आरटीजीएस के माध्यम से 12 लाख रुपये आरोपी के खाते में भेज दिए। इसके बाद विवेक खन्ना ने फोन उठाना बंद कर दिया। प्रदीप कोहली ने कहा कि इस बारे में विवेक खन्ना से ही बात करो। देवेंद्र ने बताया कि जब उन पर रुपये वापस करने के लिए दबाव बनाया गया तो उन्होंने अपने साथियों से धमकी दिलाई कि झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। इसके बाद उन्होंने कुछ दस्तावेजों पर जबरदस्ती हस्ताक्षर करवा लिए। देवेंद्र ने सीएम विंडो में शिकायत देकर मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। संवाद