बहल (भिवानी)। बहल क्षेत्र के गांव सिरसी निवासी एक युवक से बहल के दो भाइयों ने फौज में भर्ती करवाने के नाम पर साढ़े बारह लाख रुपये ठग लिए। इस दौरान आरोपी पीड़ित को कटिहार, गया व सिंलोग के चक्कर कटवाते रहे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दो नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरसी निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि वह वर्ष 2019 में बहल के स्टेडियम में फौज की तैयारी कर रहा था। उसके साथ चैहड़ खुर्द निवासी एक युवक भी तैयारी करता था। वह फौज में भर्ती हो गया था। उक्त फौजी ने उसे बताया कि बहल निवासी मनीष व दिनेश रुपये लेकर फौज में भर्ती करवाने का काम करते हैं। फौजी ने उसे दूसरे दिन बहल आने के लिए कहा। वह बहल गया तो वह फौजी उसे मनीष व दिनेश के घर ले गया।
मनीष और दिनेश ने कहा कि उनके फौज के कई अधिकारी जानकार हैं, वे उसको फौज में लगवा देंगे। बकौल अनिल व उन लोगों ने उससे फौज में भर्ती करवाने के नाम पर आठ लाख रुपये की मांग की। बाद में सात लाख पचास हजार रुपये में सौदा तय हो गया। मैंने मनीष को तीन लाख रुपये नकद दे दिए। मनीष ने अपने भाई दिनेश से फौजी के मोबाइल से उसकी बात करवाई। दिनेश ने उसे बिहार के कटिहार आने के लिए कहा। वह तीन दिन बाद कटिहार गया तो वहां पर तीन और लोग मिले। उसने वहां पर दिनेश नाम के एक आदमी को अपने कागजात सौंप दिए। मुझसे कहा गया कि सात, आठ दिन बाद मेरा काम हो जाएगा। मनीष के कहने पर उसके भाई राजेश ने 17 जनवरी 2020 को नवीन कुमार के खाते में दो लाख रुपये डलवा दिए। उसके बाद मनीष उसके भाई से घर आकर दो लाख पचास हजार रुपये ले गया। बाद में मनीष ने उसे कहा कि उसका सारा काम हो गया है। सात आठ दिन बाद उसका फिजिकल होगा उसके बाद तुम भर्ती हो जाओगे। बाद में मनीष ने कहा कि दिनेश का फोन आया है कि अधिकारी बदल गया है। अब तुमको दूसरे सेंटर गया (बिहार) जाना होगा।
वहां भी वह 15 से 20 दिन तक रुके। वहां पर मनीष आया और उसने कहा कि पांच लाख रुपये और लेगेंगे। मेरे भाई ने मनीष को तीन लाख रुपये और दे दिए। इस तरह से मनीष उसे सिलोंग जाकर ज्वाइनिंग लेटर लेने को कहा। इस दौरान मनीष ने हमारे घर से दो लाख रुपये और ले लिए। लेकिन, मनीष उसे फौज में भर्ती करवाने के नाम पर बार-बार गुमराह करता रहा। मनीष व दिनेश ने उससे धोखाधड़ी करके साढ़े 12 लाख रुपये ले लिए हैं। पीड़ित ने कहा कि उसे आशंका है कि मनीष व दिनेश ने करीब 15-20 अन्य लड़कों के साथ भी ऐसा किया है। पुलिस ने मनीष व दिनेश के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद