भिवानी। मिनी बाईपास पर बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर की दुकान के बाहर माल से भरे ट्रक लेकर पहुंचे चालक के साथ रात 11:30 बजे लूट हुई। वारदात पांच जनवरी रात 11:30 बजे की है। पुलिस ने इस संबंध में ट्रक चालक की शिकायत पर लूट की संबंधित धाराओं के तहत तीन युवकों पर केस दर्ज किया है।
औद्योगिक पुलिस थाना में दी शिकायत में नासीराबाद जिला अजमेर राजस्थान निवासी राहुल दरोगा ने बताया कि वह ट्रक चालक है। गत पांच जनवरी को रात नौ बजे दादरी से भिवानी के लिए ट्रक में सीमेंट लोड कर चला था। इसे भिवानी के मिनी बाईपास स्थित प्रदीप बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर के यहां उतारना था। रात 11:30 बजे उसने मिनी बाईपास पर प्रदीप की दुकान के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा कर दिया। ट्रक से नीचे उतर कर वह दुकान की तरफ गया था।
इसके बाद जब वह ट्रक की तरफ लौटा तो इसी दौरान एक युवक नशे की हालत में उसके पास आया और उससे छीना झपटी करने लगा। उसने इसका विरोध किया। इसी दौरान वहां दो अन्य युवक भी पहुंचे। जिन्होंने हाथ में लिए पंच से हमला किया और फिर उसकी जेब से चार हजार रुपये, मोबाइल फोन, डेबिट कार्ड, पिन कार्ड, आधार कार्ड और लाइसेंस लूटकर कर भाग गए। उसने ट्रक के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। सुबह जब दुकान मालिक प्रदीप वहां पहुंचा तो उसने आपबीती बताई। इसके बाद उसे जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया गया।
औद्योगिक पुलिस थाना एसआई सुमित ने बताया कि पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ लूट का केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।