अग्निवीर योजना के तहत 12 से 25 नवंबर तक भीम स्टेडियम में आयोजित होने वाली सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं के ठहरने की व्यवस्था के लिए प्रशासन की ओर से आठ धर्मशालाओं की व्यवस्था की गई है। एसडीएम एवं सेना भर्ती के जिला नोडल अधिकारी संदीप अग्रवाल ने बताया कि सेना भर्ती रैली में भाग लेने वाले युवाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए प्रशासन ने सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
उन्होंने बताया कि उनके रात्रि ठहरने के लिए भी धर्मशालाओं की सूची जारी की गई है। उन्होंने धर्मशालाओं की विस्तृत सूची जारी करते हुए बताया कि भिवानी शहर में राजपूत धर्मशाला, रोहतक गेट 9671271771, भगवती धर्मशाला, रोहतक गेट मंडी के सामने 9034503007, जाट धर्मशाला, बीटीएम रोड 8168689969, भारत भवन धर्मशाला, नागरिक अस्पताल के सामने 9254313231, वैद्यान धर्मशाला, रेलवे स्टेशन के पास 9034603989, सेठ परशुराम धर्मशाला, रेलवे स्टेशन के पास 9896336792, प्रेक्षा विहार, नेकी राम पार्क 9315320378 व राधा स्वामी सत्संग भवन, रोहतक रोड 9215544125 हैं।
उन्होंने कहा कि सेना भर्ती रैली के लिए शेड्यूल जारी किया है। युवाओं से अनुरोध है कि वे इस निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही सेना भर्ती में भाग लेने के लिए आए। 12, 13 व 14 नवंबर को महेंद्रगढ़ जिले के युवाओं का शेड्यूल अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि 12 नवंबर को महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली व महेंद्रगढ़ तहसील के युवा अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए भाग लेंगे। इसी प्रकार से 13 नवंबर को नारनौल व अटेली व 14 नवंबर को नागल चौधरी व कनिना तहसील के युवा अग्निवीर जनरल ड्यूटी पद के लिए भाग लेंगे।