तोशाम। तोशाम में जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा पेयजल सप्लाई के लिए डाली जा रही पाइप लाइन ने कस्बे की सूरत बिगाड़ दी है। गलियों को उखाड़कर अधर में काम छोड़ दिया है। जिसे दुरुस्त नहीं किया गया है। दुरुस्त की गई गलियों में भी महज खानापूर्ति की गई है। जिम्मेदार इसकी जानकारी के बावजूद गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
कस्बे में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा विभिन्न वार्डों में गलियों में पेयजल सप्लाई के लिए नई पाइप लाइन डाली जा रही हैं। पाइप लाइन डालने के लिए सड़कें तो उखाड़ दी गई लेकिन पाइप डालने के बाद गलियों को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है। जगह-जगह सड़क उखाड़कर छोड़ दी गई हैं। कुछ गलियों में इंटरलॉकिंग टाइलें दोबारा लगाई गई हैं उनमें भी खानापूर्ति की जा रही है। गलियों के पुनः निर्माण में नियमों का पालन नहीं किया जा रहा। नतीजतन गलियां धंस रही हैं।
इस तरह से जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही से गलियों की सूरत बिगड़ गई है। इससे मिलीभगत की संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता। डाकघर के सामने मार्ग पर पाइप लाइन डालने के किए करीब दो माह पहले सीसी सड़क को उखाड़ा गया था लेकिन अभी तक सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया है। जिसके कारण वाहनों के आवागमन होने पर काफी परेशानी होती है।
क्या कहते हैं नियम
नियमों के तहत जिस विभाग द्वारा ग्राम पंचायत की सड़कों को उखाड़ा गया है उसी महकमे की जिम्मेदारी है कि सड़क को सही कर पाइप दबाने के साथ ही गली को दुरुस्त किया जाए।
ये बोले सरपंच
तोशाम के सरपंच राजेश तंवर ने बताया कि गलियों को उखाड़ा गया है। इस बारे में संबंधित विभाग को लिखा गया है कि तुरंत गलियों को दुरुस्त किया जाए।
मामला संज्ञान में नहीं है। जहां कहीं दिक्कत है उन गलियों को दुरुस्त करवाया जाएगा। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को भी निर्देश दिए जाएंगे।
-विक्रम पूनिया, एसडीओ, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।