भिवानी। तोशाम बाईपास पर रविवार दोपहर को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस सड़क हादसे में बाइक चालक रोडवेज के रिटायर्ड कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक का चालक मौके से भाग गया। हादसे की जानकारी मिलते ही सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल लाया गया। वहीं मृतक के भाई के बयान दर्ज कर पुलिस ने इस संबंध में दूसरी बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है।
गांव घुसकानी निवासी 62 वर्षीय रामोतार ने बताया कि वह आर्मी से सेवानिवृत्त है। उसका छोटा भाई राजेंद्र हरियाणा रोडवेज से बतौर मैकेनिक सेवानिवृत्त कर्मचारी था। रविवार को उसका भाई गांव गोरीपुर से बाइक पर अपने घर लौट रहा था। जब वह रविवार दोपहर करीब 12 बजे तोशाम बाईपास पर पहुंचा तो सामने से तेज रफ्तार एक बाइक चालक ने उसकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। दूसरी बाइक की टक्कर लगने से उसका भाई राजेंद्र सड़क पर जा गिरा और सिर में गंभीर चोटें आई। इसकी वजह से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौका से भाग गया। उसने बताया कि वह अपने भतीजे के साथ भाई राजेंद्र के पीछे ही दूसरी बाइक से आ रहा था। हादसे की जानकारी सिटी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और उसे लेकर नागरिक अस्पताल पहुंची।
मृतक के भाई रामोतार ने बताया कि राजेंद्र को तीन लड़के हैं और करीब एक साल पहले ही वह रोहतक डिपो की रोडवेज कर्मशाला से बतौर मेकेनिक सेवानिवृत्त हुआ था। सिटी पुलिस के जांच अधिकारी उद्यम सिंह ने बताया कि पुलिस ने मृतक के भाई रामोतार के बयान दर्ज कर इस संबंध में अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। वहीं शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।