नागरिक अस्पताल की ओपीडी में बच्चे का चेकअप करते मेडिकल ऑफिसर डॉ. अमित गोयत। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। पिछले एक सप्ताह से बेरहम हुआ मौसम बच्चों के लिए आफत बनता जा रहा है। इन दिनों अधिकतर बच्चे वायरल और निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। इसके कारण उन्हें बार-बार बुखार, खांसी-जुकाम के साथ उल्टी, दस्त की तकलीफ हो रही है। चिकित्सकों का कहना है कि बच्चों की खून की रिपोर्ट नॉर्मल आ रही है, जिसके कारण उनमें सर्दी की वजह से वायरल ही कारण मना जा रहा है।
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में शनिवार को 150 से अधिक तीमारदार अपने बच्चों का चेकअप करवाने के लिए आए। इनमें से 80 से 85 बच्चों को खांसी, जुकाम और बुखार की दिक्कत मिली है। जबकि 20 से 25 बच्चों को उल्टी, दस्त और गले में खराश की तकलीफ सामने आई है। वहीं अधिक दिनों तक रहने वाले बुखार के कारण रोजाना पांच से छह निमोनिया के बच्चे भी सामने आए रहे हैं। नागरिक अस्पताल के नीकू वार्ड में 15 बच्चे दाखिल है, जिनके उपचार की जिम्मेदारी भी दो मेडिकल ऑफिसर के कंधों पर है। इसके अलावा ओपीडी में आने वाले बच्चों के खून की जांच करवाई जा रही है, ताकि बीमार का ठीक से पता चल सके। वहीं दूसरी ओर बाल रोग विशेषज्ञ छुट्टी पर होने की वजह से मेडिकल ऑफिसर के कंधों पर इन बच्चों के उपचार की जिम्मेदारी आ गई है।
निमोनिया के लक्षण
- बुखार के साथ पसीना व कंपकंपी होना।
- बहुत ज्यादा खांसी होना।
- कमजोरी होना।
- थका हुआ महसूस करना।
- बलगम के साथ खांसी होना।
- बुखार लगना।
- बेचैनी महसूस करना।
- भूख में कमी आना।
इन दिनों अधिक सर्दी होने की वजह से बच्चों में बीमारियों का संक्रमण अधिक बढ़ रहा है। बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए पौष्टिक आहार और दूध पिलाएं। दिन में तेज धूप आने पर ही उन्हें कमरे से बाहर निकला, नहीं तो बच्चों को कमरे के अंदर कंबल में ही रखें। बच्चों को ठंडी चीजें खाने में न दें और सेेहत में उतार-चढ़ाव लगने पर चिकित्सक से जांच अवश्य करवाएं। बिना चिकित्सक के परामर्श से बच्चों को कोई दवा न दें, इससे उनकी तबीयत अधिक बिगड़ सकती है।
- डॉ. अमित गोयत, मेडिकल ऑफिसर, नागरिक अस्पताल।