भिवानी। जिले में डेंगू का कहर है। सिविल सर्जन ने एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे टीम को जहां सक्रिय करने के निर्देश जारी किए हैं, वहीं दूसरी ओर डेंगू मरीज के उपचार में लगी टीम को भी अलर्ट कर दिया है। सिविल सर्जन ने मरीज को मच्छरदानी, दवा और प्लेटलेट्स उपलब्ध करवाने के साथ उसके उपचार की फाइल वार्ड में ही उपलब्ध करने के लिए कहा है।
लगातार बढ़ रहे वायरल बुखार के मरीज भी डेंगू के आशंकित होते जा रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग इन मरीजों के स्वास्थ्य को लेकर कोई रिस्क नहीं लेना चाह रहा। सिविल सर्जन ने स्वयं इस मामले में संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को अलर्ट कर दिया है। उन्होंने नागरिक अस्पताल में दाखिल बुखार के मरीज का रेगुलर चेकअप करने के निर्देश दिए हैं।
मरीज को मिले मच्छरदानी और जरूरत पर प्लेटलेट्स
साथ ही निजी और सरकारी अस्पतालों को भी निर्देश दिए हैं कि वे डेंगू के मरीज के बेड पर मच्छरदानी का प्रयोग करें, ताकि वे अधिक बीमार न हों। साथ ही नागरिक अस्पताल में दाखिल किसी मरीज को अगर प्लेटलेट्स की जरूरत है तो वह अपने उपचार करने वाले चिकित्सक से संपर्क कर प्लेटलेट्स ले सकता है।
डेंगू मरीज के उपचार की फाइल वार्ड में अनिवार्य
अस्पताल में डेंगू के मरीजों को दाखिल करने के लिए अलग से डेंगू वार्ड बनाए हुए हैं। इसके तहत नागरिक अस्पताल में 36 बेड और जिले की सात सीएचसी पर पांच-पांच बेड की सुविधा की गई है। इनके अलावा कुछ पीएचसी पर भी सुविधा है। इन वार्ड में दाखिल मरीज को जो उपचार दिया जाता है, उसकी अलग से एक फाइल तैयार करनी है। यह फाइल वार्ड में ही रहेगी, ताकि किसी भी समय मरीज के उपचार के बारे में पता लगाया जा सके। अगर किसी चिकित्सक की ड्यूटी में बदलाव होता है तो दूसरी चिकित्सक फाइल के माध्यम से पिछले उपचार की जानकारी प्राप्त कर सकता है।
ओपीडी में पहुंच रहे वायरल के रोजाना 100 मरीज
नागरिक अस्पताल की ओपीडी में इन दिनों में वायरल बुखार और डेंगू आशंकित काफी मामले सामने आ रहे हैं। इन दिनों अगर ओपीडी में दोनों फिजिशियन के कक्ष की बात करें तो रोजाना लगभग 100 मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। इनमें से काफी मरीज डेंगू आशंकित है। साथ ही खांसी, जुकाम, सिरदर्द के मामले भी लगातार ही बढ़ रहे हैं। लंबी बुखार होने पर चिकित्सक मरीज को डेंगू और मलेरिया जांच की सलाह दे रहे हैं, ताकि बीमारी का समय पर पता चल सके।
डेंगू के तीन मरीज मिले, 25 के सैंपल भेजे लैब
जिले में डेंगू के सोमवार को तीन नए मरीज सामने आए हैं। इसके बाद जिले में डेंगू मरीजों की संख्या 314 हो गई है। हालांकि इनमें से 307 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। बाकी के सात मरीजों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया है। सोमवार को एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे के तहत मलेरिया आशंकित 323 मरीजों की ब्लड स्लाइड बनाई गई है। इनमें शहरी क्षेत्र में 62 और ग्रामीण क्षेत्र में 261 ब्लड स्लाइड बनाई, जिनमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। डेंगू की जांच के लिए 25 आशंकित मरीजों के सैंपल नागरिक अस्पताल की लैब में भेजे है। वहीं डेंगू मच्छर का लारवा मिलने पर दो को नोटिस जारी किया है। जिले में अब तक मलेरिया की जांच के लिए 16138 की ब्लड स्लाइड बनाई है, जिसमें सभी की रिपोर्ट नेगिटिव आई है। वहीं डेंगू की जांच के लिए 2351 के सैंपल लिए है, जिनमें से 314 की रिपोर्ट पॉजिटिव रही है।
वर्जन:
डेंगू से बचाव के लिए एंटी लारवा अभियान और फीवर मास सर्वे जारी है। डेंगू के मरीजों के बेड पर मच्छरदानी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही डेंगू के मरीजों को मगर प्लेटलेट्स की जरूरत है तो वह उपचार कर रहे फिजिशियन से संपर्क कर सकते हैं। इसके बाद नोडल ऑफिसर को डेंगू को लेकर बनाई टीम के माध्यम से उसे प्लेटलेट्स उपलब्ध करवाई जाएगी। मरीजों के बेहतर उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है।
- डॉ. रघुबीर शांडिल्य, सिविल सर्जन।