भिवानी। हरियाणा सरकार ने पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री सहित प्रतिष्ठित पद्म पुरस्कारों की सिफारिशों के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शुमार इन पुरस्कारों की घोषणा 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस पर की जाएगी।
डीसी नरेश नरवाल ने बताया कि हरियाणा के मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने राज्य के सभी प्रशासकीय सचिवों, आयुक्तों और उपायुक्तों को पत्र भेजे हैं। इनमें निर्देश दिए गए हैं कि पद्म पुरस्कारों के लिए political2.hrygmail.com या dysecypolitical.csehry.gov पर 15 अगस्त 2024 तक सिफारिशें भेजी जानी चाहिए। केवल ऑनलाइन भेजे गए नामांकनों पर विचार किया जाएगा और निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त किसी भी नामांकन पर विचार नहीं किया जाएगा। पद्म पुरस्कारों अर्थात पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री को देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार माना जाता है।
उन्होंने बताया कि गणतंत्र दिवस पर इन पुरस्कारों की घोषणा कला, साहित्य, शिक्षा, खेल, चिकित्सा, सामाजिक कार्य, विज्ञान, इंजीनियरिंग, सार्वजनिक मामले, सिविल सेवा, व्यापार, उद्योग आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण उपलब्धियों और योगदान के मद्देनजर की जाती है। ये पुरस्कार जाति, व्यवसाय, पद या लिंग के आधार पर बिना किसी भेदभाव के सभी व्यक्तियों के लिए हैं। उन्होंने बताया कि पुरस्कारों को शासित करने वाले विस्तृत कानून और नियम आधिकारिक वेबसाइट www.padmaawards.gov.in पर देखे जा सकते हैं।