भिवानी। बारिश के कारण गर्मी से शहरवासियों को भले ही राहत मिल रही हो, लेकिन शहर के हालात बदतर हो गए हैं। शहर की सड़कों पर बने गड्ढे और उनमें फैला कीचड़ वाहन चालकों के लिए भारी परेशानी का कारण बन गया है। कुछ जगह तो स्थिति इतनी खराब है कि वहां से पैदल गुजर पाना मुश्किल है। दूसरी ओर गड्ढों के कारण हादसा होने का भय भी बना है।
वीरवार को भी शहर में हल्की बारिश हुई। रोहतक चौक से लेकर दादरी गेट तक तो सड़क की हालत बहुत ही ज्यादा खराब हो गई है। लघु सचिवालय से बासिया भवन तक और एलआईसी रोड पर सड़क में एक-एक फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के कारण इनमें पानी भर जाता है और पता ही नहीं चल पाता कि कहां सड़क है और कहां गड्ढा। ऐसे में दुर्घटना होने का भय तो बना ही रहता है साथ ही वाहनों में भी नुकसान हो रहा है।
निनान बाईपास की सड़क पूरी तरह टूटी
लगातार बारिश की वजह से निनान बाईपास मार्ग पर कई जगह सड़क में भारी कटाव हो गए थे। अमर उजाला ने पहले ही प्रकाशित कर बताया था कि हाईवे की स्थिति ठीक नहीं है। मगर अधिकारियों ने इसकी सुध नहीं ली। बुधवार को जहां एक ट्रक यहां दुर्घटनाग्रस्त हुआ वहीं वीरवार को यह सड़क पूरी तरह टूट गई है। अब वाहन चालकों को निनान की तरफ से गांव उमरावत में जाने के लिए पहले पूरा पुल पार करना होगा और फिर वापस आना होगा। अगर रात के अंधेरे में चालक ध्यान न दे तो यहां बड़ा हादसा भी हो सकता है।
औद्योगिक क्षेत्र जाने के रास्ते पर भरा पानी
महम रोड स्थित बड़ चौक से औद्योगिक क्षेत्र की ओर जाने वाले रास्ता पूरी तरह टूटा हुआ है और वहां भारी मात्रा में पानी भी भरा हुआ है। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि वीरवार को एक गाड़ी की कमानी यहां टूट गई, जिसे बाद में क्रेन की मदद से ले जाया गया। वहीं दूसरी ओर हांसी गेट से पंचायत भवन जाने वाला रास्ता भी बहुत ही ज्यादा क्षतिग्रस्त है और उस पर भी कई जगह पानी भरा है।
कर्मचारी काम कर रहे हैं
शहर में जलभराव को लेकर अधिकारियों से बात की गई है। हमारा भी प्रयास है कि शहरवासियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मौसम के कारण आ रही परेशानियों से जल्द से जल्द लोगों को राहत दिलाने के लिए कर्मचारी लगे हुए हैं।
- रण सिंह यादव, चेयरमैन नगर परिषद भिवानी।
नेशनल हाईवे की टूटी सड़क से निकलते वाहन । संवाद- फोटो : Bhiwani