एशियाई खेलों के सेमीफाइनल मुकाबले में पंच लगाती मुक्केबाज प्रिया घणघस।
भिवानी। जापान में चल रहे एशियन गेम्स में भिवानी के गांव धनाना की बेटी प्रिया घनघस ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 60 किलोग्राम भारवर्ग में खेल रही प्रिया घनघस का सेमीफाइनल मुकाबला चीन की खिलाड़ी यांग चंग्यू के साथ हुआ। इस मुकाबले में प्रिया 4-1 से हार गईं।
प्रिया घणघस अब 2027 की विश्व चैंपियनशिप की तैयारी में जुटेंगी। प्रिया सहित एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले सभी भारतीय मुक्केबाजों का विश्व चैंपियनशिप के लिए चयन हुआ है।
कोच नवीन शर्मा के अनुसार मुकाबले में सामने आई तकनीकी और रणनीतिक कमियों पर काम किया जाएगा। विश्व चैंपियनशिप ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने का प्रमुख मंच होगी। वहीं एशियाड में पदक से चूके मुक्केबाजों के लिए दिसंबर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता होगी।
प्रिया के कांस्य पदक के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। मां मीरा देवी ने बेटी के अगले लक्ष्य को देखते हुए उसे चूरमे में अधिक देशी घी खिलाकर ओलंपिक में स्वर्ण पदक के लिए तैयार करने की बात कही है।