प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते रिटायर्ड कर्मचारी संघ के सदस्य।
भिवानी। अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला इकाई का 24 घंटे का विरोध महापड़ाव बुधवार को संपन्न हो गया। 29 और 30 सितंबर को आयोजित महापड़ाव के बाद पेंशनभोगियों की मांगों से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम सौंपा गया।
महापड़ाव की अध्यक्षता जिला प्रधान नरेश शर्मा ने की और मंच संचालन जिला सचिव राजबीर कादयान ने किया। नरेश शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार के रवैये पर रोष जताते हुए कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी और पेंशनभोगी अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मांगों पर समय रहते सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली राष्ट्रीय रैली के दौरान निर्णायक आंदोलन की घोषणा की जाएगी।
अखिल भारतीय राज्य सरकारी पेंशनर्स फेडरेशन के महासचिव एवं रिटायर्ड कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष मास्टर वजीर सिंह ने कहा कि पेंशनभोगियों की लंबित मांगों को लेकर देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदेश महासचिव रतन जिंदल ने पेंशनभोगियों को अंतरिम राहत देने तथा 50 प्रतिशत महंगाई भत्ते और महंगाई राहत को मूल पेंशन में शामिल करने की मांग उठाई।
रतन जिंदल ने कहा कि पेंशनभोगी अपनी मांगों को लेकर एकजुट हैं और अधिकारों की प्राप्ति तक संघर्ष जारी रहेगा। इस अवसर पर रामचंद्र सैनी, महाबीर शर्मा, शकुंतला देवी, फूल चंद, फतेह सिंह और ओमप्रकाश घुसकानी मौजूद रहे।