हांसी रोड पर प्राइवेट एंबुलेंस और कार की टक्कर हो गई। हादसे को लेकर कार में सवार दो युवकों ने एंबुलेंस चालक की धुनाई कर दली। घायल को उपचार के लिए इमरजेंसी में दाखिल कराया गया। दोनों पक्षों ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।
मामला वीरवार दोपहर बाद करीब चार बजे का है। पुलिस को दी शिकायत में महम रोड क्षेत्र वासी नरेंद्र ने बताया कि वह वीरवार को बवानीखेड़ा से भिवानी आ रहा था। जब वह हांसी रोड स्थित शिक्षा बोर्ड के नजदीक पहुंचा तो अचानक एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस ने उसकी कार को पीछे से टक्कर मार दी। जिसके कारण कार की डिग्गी, बंपर सहित कार में काफी नुकसान हो गया। आरोपी एंबुलेंस चालक अपनी एंबुलेंस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
वहीं दूसरे पक्ष से घायल हालुवास गेट निवासी महेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट एंबुलेंस चालक है। वीरवार को वह एंबुलेंस में मरीज को हिसार लेकर जा रहा था। जब वह तिगड़ाना मोड़ पहुंचा तो अचानक मरीज की हालत गंभीर हो गई। वह उसे लेकर वापस जिला सामान्य अस्पताल आ रहा था। जब वह शिक्षा बोर्ड के नजदीक पहुंचा तो उसके आगे चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए जिसके कारण उसकी एंबुलेंस और कार की टक्कर हो गई। मरीज की हालत गंभीर होने पर वह एंबुलेंस को लेकर अस्पताल जाने लगा मगर उक्त कार में सवार दो युवकों ने सेक्टर मोड़ पर उसकी एंबुलेंस रुकवा कर उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे चोटें आई। जांच अधिकारी एचसी संदीप सिहाग ने बताया कि दोनों पक्षों से इस संबंध में शिकायतें आई है। दोनों के बयान दर्ज कर संबंधित जांच शुरू कर दी है।