कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने नई अनाज मंडी में अटल किसान मजदूर कैंटीन का शुभारंभ किया। कैंटीन के शुभारंभ के बाद मंत्री ने खुद 10 रुपये का कूपन लेकर लाइन में लग काउंटर से थाली ली और मजदूरों के साथ खाना खाया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने भी मजदूरों के साथ खाया। कृषि मंत्री ने अपनी जेब से रुपये देकर 10 प्रवासी मजदूरों को भी खाना खिलाया। साथ ही कहा कि प्रदेश की सभी अनाज मंडियों में ऐसी कैंटीन खोली जाएगी जिसके बाद मंडी में कोई भी किसान या मजदूर भूख नहीं सोयेगा।
कृषि मंत्री ने भोजन करने के दौरान यहां पर तैयार किए भोजन की खूब तारीफ की और महिलाओं को शाबासी दी। भोजन में हलवा, चावल, राजमा-छोले व आलू-गाजर की सब्जी तैयार की गई। मंडी में किसानों व मजूदरों को भी इसी प्रकार का स्वादिष्ट भोजन मिलेगा। किसान-मजदूरों को भोजन में दो सब्जी, चावल, चार रोटी व सलाद दिया जाएगा। कार्यक्रम में भिवानी से विधायक एवं पूर्व मंत्री घनश्याम दास सरार्फ ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में मार्केटिंग बोर्ड ठेकेदार एसोसिएशन के प्रधान जयपाल, चंद्रभान द्वारा पशुपालन मंत्री, विधायक व अन्य अधिकारियों का सम्मान किया। इस मौके पर डीसी अजय कुमार, एडीसी डॉ. मनोज कुमार, मार्केटिंग बोर्ड मुख्य प्रशासक जे.गणेशन, मार्केट कमेटी सचिव ज्योति धनखड़, भाजपा जिला प्रधान नंदराम धानिया, विक्रम सिंह, मुकेश गौड़, ताराचंद अग्रवाल, बबीता तंवर, नंदकिशोर अग्रवाल, गजानंद अग्रवाल, रवींद्र मंढोली, कृपाल धनाना, संजय दलाल, सुनील वर्मा नंबरदार व सुभाष तंवर आदि मौजूद रहे।
यह रहेगी व्यवस्था - अटल किसान-मजदूर कैंटीन में किसानों और मजदूरों को 10 रुपये प्रति थाली के हिसाब से भोजन दिया जाएगा। इसमें 15 रुपये प्रति थाली की सब्सिडी मार्केटिंग बोर्ड वहन करेगा। कैंटीन में प्रतिदिन 300 थाली की व्यवस्था होगी। इस कैंटीन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा खाना तैयार किया जाएगा। कैंटीन में तिगड़ाना के कन्हैया ग्रुप से बिमला, श्रीश्याम ग्रुप से गीता, शिवम ग्रुप से संजू, गुजरानी के लक्ष्मी ग्रुप से पिंकी, ढ़ाणा लाडनपुर के प्रगति ग्रुप से नीलम, आशा ग्रुप से कुसुम व प्रेम द्वारा भोजन तैयार किया जाएगा। इन महिलाओं ने आज भी जिला प्रबंधक शिखा राणा व सरीफ की देखरेख भोजन तैयार किया।
सभी अनाज मंडियों में खोली जाएंगी मिट्टी जांच की लैब -कृषि एवं पशुपालन मंत्री ने कहा कि सरकार किसान की आमदनी बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों की आमदनी बढ़ाने में हरियाणा प्रदेश सबसे अव्वल स्थान पर होगा। एक साल के दौरान सभी अनाज मंडियों में मिट्टी जांच की लैब खोली जाएंगी ताकि जमीन की तासीर के उसमें खाद बीज का प्रयोग हो। प्रदेश में सात से आठ हजार तालाब का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से धान की बजाय अन्य खेती करने का आह्वान किया।
प्रदेश में एक हजार मछली पालन के प्रोजेक्ट लगाने का लक्ष्य -कृषि एवं पशु पालन मंत्री ने कहा कि किसानों को टिड्डी से किसी भी प्रकार से घबराने की आवश्यकता नहीं है। कृषि विभाग टिड्डी से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। कृषि विभाग की टीम निरंतर गांवों का निरीक्षण कर रही है। युवाओं को भी मछली पालन व पशु पालन जैसे व्यवसाय को अपनाना चाहिए। प्रदेश में एक हजार मछली पालन के प्रोजेक्ट लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें युवाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने मछली पालन व पशुपालन को भी सम्मान की दृष्टि से देखने का आह्वान किया। उन्होंने पशुपालकों से आह्वान किया कि वे अच्छी किस्म के पशु पालें जिससे कि अधिकतम दूध उत्पादन हो।