हरियाणा के भिवानी जिले के स्वप्रेरित आदर्श गांव सूई में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार को करीब 25 करोड़ रुपये से तैयार किए गए स्कूल, झील, 8 पार्क, गलियां, सोलर प्लांट जनता को समर्पित किए। उन्होंने हरियाणा की बेटियों की सराहना करते हुए कहा कि यहां की बेटियां धरती से आसमान तक छाई हुई हैं। बेटियों को बेटों से कम न समझें। बेटी दो परिवारों को संभालने का काम करती है।
बेटी अपने माता-पिता को लेकर अधिक संवेदनशील होती है। राष्ट्रपति ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उनके साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद, राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय, सीएम मनोहर लाल, डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला और उद्योगपति श्रीकृष्ण जिंदल साथ रहे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि हरियाणा की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम चमकाया है। सुषमा स्वराज, गीता, बबीता फौगाट, विनेश, साक्षी मलिक, रानी रामपाल, कल्पना चावला ने धरती से आकाश तक की ऊंचाइयों को छूने का कार्य किया है। कल्पना चावला के नाम पर एक अंतरिक्ष यान का नाम भी है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में ओलंपिक विजेताओं को सम्मानित किया। जिसमें 22 प्रतिशत खिलाड़ी अकेले हरियाणा से थे। उन्होंने ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा, कुश्ती खिलाड़ी सज्जन सिंह का भी जिक्र किया। राष्ट्रपति ने कहा कि हरियाणा सरकार ने 205 गांवों को स्वप्रेरित आदर्श गांव बनाने का सराहनीय निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें ः भिवानी: प्रधानमंत्री के भाषण से प्रेरित होकर सेठ कृष्ण जिंदल ने अपने गांव सूई को सुधारने का उठाया बीड़ा, आज देखने आए राष्ट्रपति
उन्होंने कहा कि हम अपनी जननी और जन्मभूमि का कर्ज कभी नहीं उतार सकते। सूई के सेठ श्रीकृष्ण जिंदल के परिवार का जिक्र करते हुए कहा कि अपनी माटी से प्यार करने वाले लोग गांव के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। श्री किशन जिंदल परिवार ने सूई में ऐसा कर दिखाया है। राष्ट्रपति ने सर छोटूराम को किसान, मजदूरों को शोषण से मुक्ति दिलाने के लिए याद किया। 24 नवंबर की सर छोटूराम की जयंती की अग्रिम बधाई दी।
सीएम ने की सूई में मुक्केबाजी और एथलेटिक्स अकादमी बनाने की घोषणा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सूई में मुक्केबाजी व एथलेटिक्स अकादमी बनाने की घोषणा की। सूई से दांग रोड, सूई से बीरण रोड बनाने का एलान किया। पंचायत की ओर से 50 एकड़ जमीन दिए जाने के बाद औद्योगिक क्लस्टर बनाए जाने पर सहमति दी।
डिप्टी सीएम ने कहा - यह योजना सूई से शुरू कर सकते हैं
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भी वन क्लस्टर, वन प्रोडक्ट योजना की शुरुआत गांव सूई से शुरू करने का प्रस्ताव दिया। ग्रामीण सूई में प्रोजेक्ट लगवा सकते हैं। जिसमें साथ लगने गांव भी शामिल किए जा सकते हैं।
बेटी और पत्नी संग पीपल का पौधा लगाया..
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस मौके पर पीपल का पौधा लगाया। उनके साथ उनकी पत्नी सविता कोविंद, बेटी स्वाति कोविंद भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि पीपल का पौधा धार्मिक होने के साथ-साथ गुणों का भंडार होता है। महात्मा बुद्ध को पीपल के पेड़ के नीचे ही ज्ञान की प्राप्ति हुई थी। राष्ट्रपति ने कृष्णा लेक का भी अवलोकन किया।