रोहतक मंडल के आयुक्त एवं मतदाता सूची कार्य के ऑब्जर्वर संजीव वर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि मतदाता सूचियों के संशोधन कार्य में बीएलओ का सहयोग करें। ताकि कोई पात्र व्यक्ति अपना वोट बनवाने से वंचित न रहे। वोट बनने के बाद ही हम चुनाव में अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं।
मंडलायुक्त वर्मा मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हाल में संबंधित अधिकारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से फोटो युक्त मतदाता सूचियों के संशोधन कार्य की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने चुनाव कार्यालय के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ईंट भट्ठों, झुग्गी-झोपडिय़ों, स्लम बस्तियों में विशेष ध्यान दें ताकि वहां पर कोई भी पात्र व्यक्ति वोट बनवाने से वंचित न रहे। इसके अलावा उन्होंने बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन में मतदाता सूची संशोधन कार्य के बारे में प्रचार-प्रसार करवाने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि यदि राजनीतिक दलों को मतदाता सूचियों के संशोधन कार्य में किसी स्तर पर कोई समस्या आती है तो रोहतक मंडल के आयुक्त कार्यालय में उसकी सूचना दे सकते हैं।
मतदाता सूचियों का संशोधन कार्य नौ दिसंबर तक जारी रहेगा। बूथ लेवल अधिकारी और चुनाव कार्यालय द्वारा मतदाता सूचियों में संशोधन के लिए दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। इस अवधि के दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे ताकि सभी मतदाता सुविधाजनक तरीके से उनसे संपर्क कर सकें। विशेष अभियान के दौरान 25 व 26 नवंबर को नौ बजे से पांच बजे तक बीएलओ अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर कार्य करेंगे। मंडलायुक्त वर्मा ने कहा कि नागरिक वोटर कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। समीक्षा बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं नगराधीश हरबीर सिंह ने मंडलायुक्त को बताया कि जिले में मतदाता सूची संशोधन का कार्य पुरजोर से चलाया जा रहा है। इसके लिए जागरूकता वैन के माध्यम से प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। स्कूल-कॉलेजों में कैंप लगाकर नए वोट बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस मौके पर एडीसी अनुपमा अंजलि, एसडीएम तोशाम मनोज दलाल, एसडीएम लोहारू अमित कुमार, तहसीलदार भिवानी आदित्य रंगा, चुनाव तहसीलदार जयबीर सिवाच, डीआईओ अमित लांबा, भिवानी की चुनाव जिला एंबेसडर एडवोकेट प्रिया लेघा, जेजेपी से प्रतिनिधि एडवोकेट रामेश्वर दास, कांग्रेस से गुणपाल, आप आदमी पार्टी से इंद्र सिंह सिहाग व पवन कुमार, महाबीर सिंह मौजूद रहे। संवाद