भिवानी। जिले के एक गांव की युवती के साथ पिछले दिनों दुष्कर्म कर शव नहर में फेंकने के मामले में दो आरोपियों का पुलिस लाई डिटेक्टर टेस्ट कराएगी। सोमवार को एआईसीसी एससी/एसटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश लिलाठिया और हरियाणा के अध्यक्ष मनोज बागड़ी ने चार सदस्यों की समिति का गठन किया है।
इसमें हरियाणा एससी विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष सुशील धानक, हरियाणा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय वैद, हरियाणा की महासचिव परल चौधरी व समीर खटीक को समिति के सदस्य के रूप में शामिल किया है। नव गठित कमेटी के सदस्यों ने मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला से मुलाकात की। समिति के सदस्यों ने उक्त मामले का अपडेट व जानकारी ली। करीब एक घंटे तक इस मामले को लेकर एसपी से बातचीत हुई।
एसपी ने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही गंभीर है और दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही बताया कि आरोपियों का लाई डिटेक्टर टेस्ट भी करवाया जाएगा। इसकी रिपोर्ट करीब 45 दिनों में आएगी। रिपोर्ट में अगर और अन्य युवकों की संलिप्तता पाई गई तो तत्काल कार्रवाई करके उनको भी हिरासत में लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने एसआईटी का भी गठन किया है। उसके बाद समिति के सदस्य गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढ़स बंधाया।