रात्रि गश्त के दौरान वाहनों की जांच करते पुलिसकर्मी।
भिवानी। त्योहारों के मद्देनजर जिला पुलिस ने सोमवार रात बाजारों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अभियान के तहत असामाजिक तत्वों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने कहा कि त्योहारों के दौरान बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर भीड़ बढ़ने के कारण पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रहने को कहा गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। रात्रि पैदल गश्त समेत अन्य सुरक्षा उपाय आगे भी प्रभावी ढंग से जारी रहेंगे ताकि नागरिक सुरक्षित माहौल में त्योहार मना सकें।
जिला पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में मनाए जा सकें।