गांव बापोड़ा में छात्राओं व स्कूल स्टाफ के साथ हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना
भिवानी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने बापोड़ा और बीरण के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर छात्राओं की शिकायतों के निवारण की व्यवस्था जांची। उन्होंने प्राचार्यों को निर्देश दिए कि छात्राओं की किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करें और लापरवाही न बरतें।
निरीक्षण के दौरान मीना परमार ने आंतरिक शिकायत निवारण समितियों की कार्रवाई की जानकारी ली और छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने छात्राओं को गुड टच और बैड टच के प्रति जागरूक रहने, गलत व्यवहार का निडर होकर विरोध करने और किसी भी तरह की हिचकिचाहट या शर्म से बचने की सलाह दी। निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी युद्धवीर सिंह, प्राचार्य कुसुम लता, सरपंच सुल्तान सिंह, प्रवक्ता देवेंद्र, शीतल शर्मा, प्रवेश गौतम और कमल सिंह उपस्थित रहे।
छात्राओं की सुरक्षा और पढ़ाई सर्वोपरि
मीना परमार ने कहा कि छात्राएं मेहनत करें, लक्ष्य निर्धारित करें और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। किसी भी समस्या पर घबराने की जरूरत नहीं है, महिला आयोग उनके साथ खड़ा है। छात्राओं के हितों से जुड़े मामलों में आयोग गंभीरता से कार्रवाई करेगा और शिकायतों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए कि छात्राओं की पढ़ाई में किसी तरह की बाधा न आए। साथ ही, स्कूल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने और छात्राओं के लिए बने शौचालयों व पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने कहा कि लड़कियां हर क्षेत्र में पहचान बना रही हैं और देश का नाम रोशन कर रही हैं।